Dev Deepawali 2026: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 24 नवंबर को देव दीपावली का भव्य आयोजन होने जा रहा है. इस मौके पर काशी के गंगा घाटों से लेकर शहर के तालाबों तक 11 लाख से ज्यादा दीप जलाए जाएंगे. शाम को दशाश्वमेध घाट पर गंगा की भव्य महाआरती होगी. वहीं, चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध और अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और नावों की आवाजाही के लिए खास इंतजाम किए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं.
11 लाख से ज्यादा दीपों से जगमगाएंगे घाट और तालाब
देव दीपावली 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाएगी. अधिकारियों के मुताबिक, इस बार काशी के सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने रेतीले किनारों और शहर के 100 से ज्यादा तालाबों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे. इनमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के बनाए दीप भी शामिल होंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि देव दीपावली का उत्सव सिर्फ गंगा घाटों तक सीमित न रहे. पूरे शहर के साथ सारनाथ और ग्रामीण इलाकों में भी उत्सव का माहौल दिखाई देना चाहिए.
ड्रोन शो, लेजर शो और ग्रीन आतिशबाजी बढ़ाएंगे रौनक
देव दीपावली की शाम दशाश्वमेध घाट पर गंगा की भव्य महाआरती आयोजित होगी. इसके बाद चेत सिंह घाट पर लेजर शो और दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो दिखाया जाएगा. काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी भी होगी. इन आयोजनों के जरिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को खास अनुभव देने की तैयारी है. देव दीपावली से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा. चारों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. मुख्यमंत्री ने इन कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं.
नावों की आवाजाही के लिए पहली बार बनेगा दो तरफा रास्ता
पिछले साल गंगा में नावों की भीड़ के कारण हुई परेशानी को देखते हुए इस बार नावों की आवाजाही के लिए अलग व्यवस्था की गई है. नमो घाट से अस्सी घाट तक दो तरफा रास्ता बनाया गया है. इसके तहत नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और वापसी में गंगा के दूसरी तरफ रेतीले किनारे के पास से लौटेंगी.
इसके अलावा डीजल से चलने वाली नावों और जिले के बाहर से आने वाली नावों पर रोक रहेगी. NDRF, जल पुलिस और बाढ़ राहत बल की टीमें लगातार निगरानी करेंगी, ताकि गंगा में भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने.
सुरक्षा के लिए 27 वॉच टावर, 31 जगहों पर पार्किंग
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है. निगरानी के लिए 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे और क्विक रिस्पॉन्स टीमें तैनात रहेंगी. पर्यटक पुलिस ई-स्कूटर से गश्त करेगी. लोगों की मदद के लिए 11 खोया-पाया केंद्र भी बनाए गए हैं. ट्रैफिक व्यवस्था के तहत शहर में भारी वाहनों के लिए सात डायवर्जन पॉइंट तय किए गए हैं. इसके अलावा 31 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी. भीड़भाड़ वाले रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा की आवाजाही सीमित रखी जाएगी. आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 14 अस्पतालों को जोड़ने वाला ग्रीन कॉरिडोर भी बनाया जाएगा.
दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से होगी सजावट
देव दीपावली का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को शाम 5 बजे से दशाश्वमेध घाट पर होगा. गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा के मुताबिक, घाट को 21 कुंतल फूल-मालाओं से सजाया जाएगा और 51 हजार दीप जलाए जाएंगे. आचार्य रणधीर के नेतृत्व में 21 अर्चक मां गंगा की महाआरती करेंगे. इस दौरान 42 कन्याएं भी शामिल होंगी. कार्यक्रम में भजन गायक अनूप जलोटा मां गंगा के तट पर भजनों की प्रस्तुति देंगे. इसके साथ ही शहीद जवानों की याद में जलाए गए आकाशदीपों का समापन होगा. चार शहीद जवानों को भागीरथ शौर्य सम्मान के साथ आर्थिक सहायता भी दी जाएगी.
20 से 25 नवंबर तक चलेगा विशेष सफाई अभियान
देव दीपावली को देखते हुए शहर में 20 से 25 नवंबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा. दीपदान का कार्यक्रम समाप्त होते ही घाटों की सफाई की जाएगी, ताकि अगली सुबह गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो. 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती भी है. इसे देखते हुए गुरुद्वारों में लंगर और कीर्तन के इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं. इस तरह देव दीपावली के साथ काशी में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की भी खास रौनक देखने को मिलेगी.