Rahu Ketu Transit 2026: देश का चुनावी नक्शा बदलने की तैयारी एक बार फिर तेज हो गई है. परिसीमन को लेकर संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, जो 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है. इस बीच ज्योतिषीय नजरिए से भी इस समय को काफी दिलचस्प माना जा रहा है. वजह है राहु और केतु का राशि परिवर्तन, जो सत्र समाप्त होने के ठीक दो दिन बाद 5 दिसंबर की रात होने वाला है. ज्योतिषीय विश्लेषण के मुताबिक, आजादी के बाद से परिसीमन से जुड़े बड़े फैसलों के समय शनि, राहु और केतु भारत की कुंडली के महत्वपूर्ण भावों में सक्रिय रहे हैं. ऐसे में 2026 का यह घटनाक्रम पुराने ग्रहों के संयोगों से जोड़कर देखा जा रहा है.
क्या है परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026?
केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 को मंजूरी दे दी है. इसे 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जा सकता है. प्रस्ताव के तहत सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की बात कही गई है. हालांकि, राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात 2051 तक बनाए रखने का प्रस्ताव है. इसके अलावा अनुसूचित जाति और जनजाति की सीटों सहित कुल एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए रोटेशन के आधार पर आरक्षित करने की योजना है, ताकि इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जा सके. इस प्रक्रिया के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में परिसीमन आयोग बनाने का प्रस्ताव भी है. इससे पहले अप्रैल 2026 में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो पाया था. ऐसे में इस बार भी सरकार के सामने सदन में पर्याप्त समर्थन जुटाने की चुनौती रहेगी.
1953 से 2003 तक परिसीमन और ग्रहों का संयोग
भारत की आजादी की कुंडली के आधार पर किए गए ज्योतिषीय विश्लेषण में 1953 से 2003 तक परिसीमन से जुड़े चार प्रमुख कानूनों और संवैधानिक बदलावों के दौरान शनि, राहु और केतु की स्थिति को खास माना गया है. 7 जनवरी 1953 को पहले परिसीमन कानून को राष्ट्रपति की मंजूरी मिली थी. उस दिन केतु भारत की कुंडली में शनि की स्थिति वाले स्थान पर था. ज्योतिष में शनि को शासन, प्रशासन और व्यवस्था का कारक माना जाता है. इसके बाद 19 दिसंबर 1962 को दूसरा परिसीमन कानून लागू हुआ. उस समय शनि और केतु दोनों भारत की कुंडली के नौवें भाव में बताए गए हैं, जिसे कानून, संविधान और न्याय व्यवस्था से जोड़कर देखा जाता है. 30 दिसंबर 1972 को तीसरा परिसीमन कानून लागू हुआ, तब गुरु और राहु आठवें भाव में एक साथ थे. ज्योतिष में इस भाव को पुराने ढांचे में बदलाव और नई व्यवस्था के निर्माण से जोड़ा जाता है.
2002 और 2003 में फिर दिखा राहु-केतु का पुराना चक्र
3 जून 2002 को चौथा परिसीमन कानून बना था. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, उस समय शनि और राहु भारत की कुंडली के पहले भाव में एक साथ मौजूद थे. इसे देश की पहचान और बुनियादी व्यवस्था से जोड़कर देखा जाता है. इसके ठीक एक साल बाद 22 जून 2003 को संविधान में एक और संशोधन हुआ, जिसके जरिए जनगणना का आधार वर्ष बदला गया. उस दिन राहु और केतु की स्थिति 1947 में आजादी के समय वाली स्थिति के करीब लौट आई थी. ज्योतिष में राहु-केतु का एक राशि चक्र लगभग 18 साल 6 महीने में पूरा होता है. इन ऐतिहासिक तारीखों को देखते हुए ज्योतिषीय विश्लेषण में यह पैटर्न सामने रखा जा रहा है कि परिसीमन और संवैधानिक बदलावों के समय देश की कुंडली में शनि या राहु-केतु किसी महत्वपूर्ण भाव को प्रभावित करते रहे हैं.
30 नवंबर को राहु-केतु की स्थिति क्यों मानी जा रही है खास?
30 नवंबर 2026 को पारंपरिक ज्योतिषीय गणना के अनुसार राहु कुंभ और केतु सिंह राशि में रहेंगे और राशि परिवर्तन के करीब होंगे. हालांकि आधुनिक गणना पद्धति के अनुसार राहु 25 नवंबर के आसपास मकर राशि में प्रवेश कर चुका है. ज्योतिष में राशि बदलने की इस स्थिति को राशि संधि कहा जाता है और इसे बदलाव का संवेदनशील समय माना जाता है. भारत की कुंडली के संदर्भ में राहु-केतु को दसवें और चौथे भाव से जोड़कर देखा जा रहा है. दसवां भाव केंद्र सरकार और सत्ता का प्रतीक माना जाता है, जबकि चौथा भाव राज्यों, जमीन और आम जनता से जुड़ा है. इसी दिन सिंह राशि में गुरु, मंगल और केतु की मौजूदगी के साथ सुबह करीब 9:30 बजे चंद्रमा के भी वहां पहुंचने की गणना है. इससे चौथे भाव में चार ग्रहों का संयोग बनेगा. दूसरी ओर, शनि मीन राशि में भारत की कुंडली के ग्यारहवें भाव में रहेंगे, जिसे संसद, सहयोगी दलों और बहुमत जुटाने की क्षमता से जोड़ा जाता है.
5 दिसंबर को बदलेगी राहु-केतु की चाल
ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, 5 दिसंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे राहु मकर और केतु कर्क राशि में प्रवेश करेंगे. इसके बाद भारत की कुंडली में इन ग्रहों का प्रभाव चौथे और दसवें भाव से हटकर तीसरे और नौवें भाव पर माना जाएगा. नौवां भाव कानून और संविधान से जुड़ा है, जबकि तीसरा भाव आंतरिक व्यवस्था और संचार का प्रतीक है. ऐसे में ज्योतिषीय नजरिए से संसद सत्र के बाद परिसीमन से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया, संवैधानिक पहलुओं और आयोग के गठन पर अधिक ध्यान जाने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि ग्रहों की स्थिति से यह तय नहीं किया जा सकता कि विधेयक संसद में पारित होगा या नहीं. अप्रैल 2026 में भी राहु की अंतर्दशा के दौरान विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था. फिलहाल फरवरी 2026 से फरवरी 2027 तक भारत की कुंडली में मंगल की महादशा में राहु की अंतर्दशा चलने की ज्योतिषीय गणना है. इसलिए इस विश्लेषण में आने वाले महीनों को परिसीमन की दिशा और संवैधानिक बदलावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- Numerology 2027: साल 2027 में चमकेगा मूलांक 2 वालों का भाग्य? प्रमोशन, विवाह और प्रॉपर्टी के बनेंगे योग