Delhi Pollution: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर जहरीली हवा की चपेट में है. प्रदूषण का स्तर इस कदर बढ़ गया है कि लोगों के लिए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है. गुरुवार शाम करीब 7 बजे दिल्ली के कुछ आंकड़ों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 600 के पार पहुंच गया. वहीं, दिनभर राजधानी का औसत AQI 350 दर्ज किया गया. शाम होते-होते आसमान में धुंध की मोटी चादर छा गई और कई इलाकों में दृश्यता भी प्रभावित हुई. आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी जैसी शिकायतों के बीच दिल्ली की हवा ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
दिल्ली में धुंध की मोटी चादर
गुरुवार शाम राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का असर साफ दिखाई दिया. आसमान में छाई धुंध के कारण दूर की इमारतें और सड़कें धुंधली नजर आईं. वाहनों से निकलने वाला धुआं और हवा में मौजूद प्रदूषक कणों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया. कई लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए लोगों को बाहर निकलते समय मास्क लगाने की सलाह दी जा रही है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति ज्यादा चिंताजनक है.
एक दिन में 37 अंक बढ़ा दिल्ली का औसत AQI
राजधानी में प्रदूषण किस तेजी से बढ़ रहा है, इसका अंदाजा लगातार बदलते AQI के आंकड़ों से लगाया जा सकता है. बुधवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 313 था, जो गुरुवार को बढ़कर 350 पहुंच गया. यानी महज 24 घंटे में AQI में 37 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को दिल्ली के 57 निगरानी केंद्रों में से 10 पर AQI 400 के पार यानी गंभीर श्रेणी में रहा. वहीं, 42 केंद्रों पर हवा बेहद खराब, चार केंद्रों पर खराब और केवल एक केंद्र पर मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई. दिल्ली कैंट में सबसे बेहतर स्थिति रही, जहां AQI 138 रिकॉर्ड किया गया.
वाहनों से निकलने वाला धुआं बढ़ाएगा दिल्ली की परेशानी
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की बड़ी भूमिका सामने आ रही है. डिसीजन सपोर्ट सिस्टम (DSS) के पूर्वानुमान के अनुसार, गुरुवार को राजधानी के प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी करीब 16 प्रतिशत रहने का अनुमान था. वहीं, पराली जलाने का योगदान 8.9 प्रतिशत रहने की संभावना जताई गई. शुक्रवार को वाहनों से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी बढ़कर 18.5 प्रतिशत और शनिवार को 20.5 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है. दूसरी तरफ, पराली जलाने का योगदान शुक्रवार को 5.3 प्रतिशत और शनिवार को 13.29 प्रतिशत रहने की आशंका जताई गई है. इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में दिल्ली की हवा को खराब करने में परिवहन क्षेत्र की भूमिका अहम रह सकती है.
छह राज्यों में पराली जलाने की 874 घटनाएं दर्ज
दिल्ली-एनसीआर की हवा खराब होने के पीछे पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं भी एक बड़ी वजह हैं. उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को छह राज्यों में पराली जलाने की कुल 874 घटनाएं सामने आईं. इनमें पंजाब सबसे आगे रहा, जहां 515 घटनाएं दर्ज की गईं. मध्य प्रदेश में 179, उत्तर प्रदेश में 129, राजस्थान में 40, हरियाणा में आठ और उत्तराखंड में तीन घटनाएं सामने आईं. भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की क्रीम्स (CREAMS) प्रयोगशाला के बुलेटिन के मुताबिक, 15 सितंबर से 11 नवंबर के बीच इन छह राज्यों में पराली जलाने की कुल 10,466 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं.
अगले दो दिन दिल्ली वालों की बढ़ सकती है मुश्किल
दिल्ली की हवा को लेकर वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) ने भी चिंता बढ़ा दी है. पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान PM2.5 और PM10 जैसे प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे हवा की गुणवत्ता और खराब होने की आशंका है. PM2.5 के बेहद सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं. लंबे समय तक प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से हृदय और फेफड़ों से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है. ऐसे में मौजूदा हालात को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए और प्रदूषण से बचाव के जरूरी उपाय अपनाने चाहिए.
ये भी पढ़ें- दिवाली की सुबह दिल्ली की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए छत से कूदे लोग, मची अफरा-तफरी