Delhi Crime News: दिल्ली में पुलिस थाने के भीतर ही चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है. पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक शख्स ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार करने की कोशिश की. इस दौरान एक बार फिर पुलिस और आरोपी के बीच हिंसक झड़प हुई.
परिवार की शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाया गया था नबील
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है. उसके खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह अपनी मां और बहन को परेशान करता है. इसी शिकायत के आधार पर सोमवार को उसे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था. पुलिसकर्मी उससे परिवार से जुड़े विवाद के बारे में जानकारी ले रहे थे. इसी दौरान उसने अचानक चाकू निकालकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.
दोपहर ढाई बजे थाने में मची अफरा-तफरी
यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे की बताई जा रही है. अचानक हुए हमले से थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला. आरोपी ने चाकू से कई वार किए, जिससे पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. उनके चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं. घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
हमले में घायल पांच पुलिसकर्मियों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य का संजीवनी अस्पताल में उपचार चल रहा है. डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है. पुलिस मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटा रही है.
चितली कबर इलाके में फिर हमला
पुलिस पर हमला करने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि भागने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी चुराया था. इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और चितली कबर इलाके में उसे घेरने की कोशिश की. लेकिन यहां भी आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें चार पुलिसकर्मी और घायल हो गए. इस तरह दोनों घटनाओं में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.
पुलिस की फायरिंग में आरोपी को लगीं करीब 6 गोलियां
आरोपी को काबू करने के लिए पुलिस ने फायरिंग की. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की गोली लगने से नबील को करीब छह गोलियां लगी हैं. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अचानक हमला क्यों किया और उसके पास चाकू कहां से आया.
ये भी पढ़ें- लखनऊ में 11 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में मौलाना गिरफ्तार, वीडियो बनाने का भी आरोप