दिवाली पर घर की सजावट, रंगोली, जलते दीये और आसमान में चमकती आतिशबाजी की तस्वीरें लेना हर किसी को पसंद होता है. लेकिन कई बार अच्छा स्मार्टफोन होने के बाद भी रात में फोटो अच्छी नहीं आती. कभी तस्वीर धुंधली हो जाती है तो कभी तेज रोशनी के कारण दीयों और लाइट्स की डिटेल साफ नजर नहीं आती. ऐसे में सिर्फ बेहतर कैमरा होना ही काफी नहीं है, बल्कि उसकी सही सेटिंग्स की जानकारी भी जरूरी है.
अगर आपके फोन में Pro या Manual Mode का विकल्प है तो आप ISO, Shutter Speed और Exposure जैसी सेटिंग्स को अपनी जरूरत के हिसाब से बदल सकते हैं. इससे कम रोशनी में भी अच्छी तस्वीरें लेने में मदद मिलती है. आइए जानते हैं 6 आसान टिप्स, जिनकी मदद से आप इस दिवाली बेहतर फोटो और वीडियो बना सकते हैं.
Night Mode का करें इस्तेमाल
रात में दीयों, रंगोली और घर की सजावट की तस्वीरें लेने के लिए Night Mode काफी काम आ सकता है. कुछ स्मार्टफोन में यह फीचर Low-Light Mode के नाम से भी दिया जाता है. इसकी मदद से कम रोशनी में भी तस्वीर की ज्यादा डिटेल कैप्चर की जा सकती है.
हालांकि, इस मोड में फोटो लेते समय फोन को स्थिर रखना जरूरी है. इसके लिए ट्राइपॉड का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. ध्यान रखें कि चलते हुए लोगों या हिलती हुई चीजों की तस्वीर लेने पर फोटो धुंधली आ सकती है.
Pro Mode में ISO और Shutter Speed सेट करें
अगर आप कैमरे की सेटिंग्स को अपने हिसाब से बदलना चाहते हैं तो Pro Mode का इस्तेमाल कर सकते हैं. रात में दीयों की तस्वीर लेने के लिए ISO को 100 से 400 के बीच रखकर शुरुआत करें. ISO बढ़ाने से फोटो ज्यादा रोशन होती है, लेकिन इसे बहुत ज्यादा रखने पर तस्वीर में दाने जैसे निशान दिखाई दे सकते हैं.
वहीं, Shutter Speed से तय होता है कि कैमरा कितनी देर तक रोशनी को कैप्चर करेगा. ट्राइपॉड पर फोन रखकर स्थिर दीयों की तस्वीर लेते समय 1/4 सेकंड से 1 सेकंड तक की स्पीड आजमा सकते हैं. हाथ से फोटो लेते समय बहुत धीमी Shutter Speed रखने से बचें.
तेज रोशनी को कंट्रोल करने के लिए घटाएं Exposure
कई बार दीयों और LED लाइट्स की तेज चमक के कारण तस्वीर में उनकी असली डिटेल नजर नहीं आती. ऐसी स्थिति में Exposure को थोड़ा कम करना बेहतर हो सकता है. इसके लिए कैमरे की स्क्रीन पर उस जगह टैप करें, जिसकी फोटो लेनी है और Exposure को कम कर दें.
आप -0.3 से -1 EV तक की सेटिंग आजमा सकते हैं. अलग-अलग Exposure पर तस्वीरें लेकर देखें कि किसमें रोशनी और डिटेल सबसे अच्छी नजर आ रही है.
आतिशबाजी की फोटो लेने के लिए अपनाएं ये सेटिंग्स
दिवाली पर आसमान में होने वाली आतिशबाजी की अच्छी तस्वीरें लेने के लिए फोन को ट्राइपॉड पर लगाएं. इसके बाद Pro Mode में ISO को 100 से 200 के बीच रखें और Shutter Speed को 1/2 से 2 सेकंड तक सेट करें. इससे आतिशबाजी के दौरान आसमान में बनने वाली रोशनी की लकीरों को कैमरे में कैद किया जा सकता है.
दूर हो रही आतिशबाजी की तस्वीर लेने के लिए Manual Focus का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आपके फोन में ये विकल्प मौजूद नहीं हैं तो Night Mode या Long Exposure Mode भी आजमा सकते हैं.
वीडियो रिकॉर्ड करते समय इन बातों का रखें ध्यान
दिवाली के मौके पर वीडियो बनाने के लिए 4K 30fps या 1080p 30fps सेटिंग चुन सकते हैं. कम रोशनी में 60fps पर वीडियो रिकॉर्ड करने से बचें, क्योंकि इससे हर फ्रेम में कम रोशनी कैप्चर हो सकती है.
वीडियो की क्वालिटी बेहतर रखने के लिए Exposure थोड़ा कम रखें और फोन में मौजूद OIS या EIS Stabilization फीचर का इस्तेमाल करें. साथ ही, Digital Zoom करने के बजाय सब्जेक्ट के करीब जाकर वीडियो रिकॉर्ड करें. इससे वीडियो ज्यादा साफ नजर आएगा.
फोटो लेने से पहले कैमरे का लेंस साफ करें
अच्छी तस्वीरों के लिए कैमरे का लेंस साफ रखना भी जरूरी है. लेंस पर धूल या उंगलियों के निशान होने से रात में लाइट्स के आसपास धुंधलापन और अतिरिक्त चमक दिखाई दे सकती है. इसलिए फोटो खींचने से पहले किसी मुलायम कपड़े से कैमरे के लेंस को अच्छी तरह साफ कर लें.