Aryavir Sehwag: अंडर-19 एशिया कप 2026 में अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्यवीर सहवाग इन दिनों चर्चा में हैं. पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में अहम पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाने में योगदान देने वाले आर्यवीर अब अपने पिता और पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे. यहां उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. इस दौरान उनके साथ छोटे भाई वेदांत भी मौजूद रहे. तीनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद चर्चा में हैं.
पिता और भाई के साथ बागेश्वर धाम पहुंचे आर्यवीर
वीरेंद्र सहवाग, आर्यवीर और वेदांत के बागेश्वर धाम पहुंचने की तस्वीरें सोमवार, 16 नवंबर को 'बागेश्वर धाम सरकार ऑफिशियल' के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा की गईं. तस्वीरों में तीनों पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ नजर आ रहे हैं. पोस्ट में आर्यवीर की उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया गया कि एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के बाद वह परिवार के साथ आशीर्वाद लेने पहुंचे थे.
धीरेंद्र शास्त्री ने आर्यवीर को दिया आशीर्वाद
बागेश्वर धाम की ओर से साझा की गई पोस्ट में आर्यवीर की तारीफ करते हुए लिखा गया कि उन्होंने अपने प्रदर्शन से 'होनहार बिरवान के होत चिकने पात' कहावत को चरितार्थ किया है. पोस्ट के मुताबिक, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने आर्यवीर को जीवन के रास्ते पर अडिग रहने और कर्तव्यशील बनने का आशीर्वाद दिया. इस मौके पर वीरेंद्र सहवाग भी अपने दोनों बेटों के साथ मौजूद रहे.
आखिरी ओवर में आर्यवीर कर रहे थे सीताराम का जाप
पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले के बाद आर्यवीर ने अपने पिता वीरेंद्र सहवाग से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी. इस दौरान उन्होंने बताया था कि मैच के आखिरी ओवर में वह सीताराम-सीताराम का जाप कर रहे थे. भारतीय टीम को जीत के लिए आखिरी गेंद पर तीन रन की जरूरत थी, लेकिन टीम ने चौका लगाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और एशिया कप की ट्रॉफी जीत ली.
एशिया कप में आर्यवीर ने बनाए 361 रन
आर्यवीर सहवाग ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने नेपाल के खिलाफ नाबाद 70 रन बनाए, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मुकाबले में 22 रन की पारी खेली. यूएई के खिलाफ उनके बल्ले से 160 रन निकले. इसके बाद अफगानिस्तान के खिलाफ 51 और फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 58 रन बनाए. इस तरह उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 361 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड के इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड बेहद खराब, 8 टेस्ट में सिर्फ 1 जीत, जानिए कैसा रहा प्रदर्शन