दिल्ली चुनाव : EVMs की निगरानी के लिए AAP बूथों पर तैनात करेगी तकनीकी एक्सपर्ट, दी है खास ट्रेनिंग

आम आदमी पार्टी ने मतदान केंद्र के बाहर की व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए एक अलग टीम भी तैयार की है. यह टीम बाहर की गतिविधियों पर नजर रखेगी.

दिल्ली चुनाव : EVMs की निगरानी के लिए AAP बूथों पर तैनात करेगी तकनीकी एक्सपर्ट, दी है खास ट्रेनिंग
आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल, प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo- ANI

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) ने युवा वॉलंटियर की एक समर्पित टीम के गठन की घोषणा की है, जो चुनाव के दिन ईवीएम प्रदर्शन की निगरानी करने और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए हर मतदान केंद्र पर तैनात रहेंगे, आप सूत्रों ने ये जानकारी दी है.

आम आदमी पार्टी सूत्रों ने कहा, "हमें चुनाव जीतने का भरोसा है, लेकिन एक डर यह भी है कि ईवीएम से छेड़छाड़ की जा सकती है. इसीलिए आम आदमी पार्टी ने ऐसे युवाओं की एक टीम तैयार की है, जो चुनाव के दिन सुबह ईवीएम डेमो के दौरान हर बूथ पर मौजूद रहेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि ईवीएम में कोई समस्या न हो."

तकनीकी तौर से एक्सप्रट वॉलंटियर्स की तैनाती

इस टीम के सभी सदस्य दिल्ली के मतदाता हैं और तकनीकी रूप से कुशल हैं और वे सुनिश्चित करेंगे कि मतदान की गति धीमी न हो.

आप सूत्रों ने बताया, "हाल के चुनावों और उपचुनावों में हमने देखा है कि कई बूथों पर मतदान धीमा रहा और इसका फायदा एक पार्टी को मिला. दिल्ली में ऐसा न हो, इसके लिए हमने दिल्ली के तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं की एक टीम तैयार की है."

आम आदमी पार्टी ने मतदान केंद्र के बाहर की व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए एक अलग टीम भी तैयार की है. यह टीम बाहर की गतिविधियों पर नजर रखेगी.

आप सूत्रों के मुताबिक, "आम आदमी पार्टी ने एक टीम तैयार की है जो मतदान केंद्र के बाहर की स्थिति पर कैमरों के जरिए नजर रखेगी. इसके लिए टीम के सभी सदस्यों को स्टिंग कैमरों की ट्रेनिंग भी दी गई है. अगर पुलिस प्रशासन कुछ जबर्दस्ती करने की कोशिश करता है तो इस टीम के सदस्य उसे गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर पार्टी के मुख्य कमांड सेंटर को भेज देंगे."

हाल ही में आप ने आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार दिल्ली के लोगों के खिलाफ "बड़ी साजिश" रच रही है और "अनुचित तरीकों" से आगामी विधानसभा चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है. पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों को आम आदमी पार्टी के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का निर्देश दिया जा रहा है.

5 फरवरी को होंगे चुनाव, नतीजे 8 फरवरी को

दिल्ली विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को एक ही चरण में होंगे, जिसकी मतगणना 8 फरवरी को होगी.

दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं. दिल्ली में लगातार 15 साल तक सत्ता में रही कांग्रेस को पिछले दो विधानसभा चुनावों में झटका लगा है और वह कोई भी सीट जीतने में विफल रही है.

इसके उलट, आप ने 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में कुल 70 सीटों में से क्रमशः 67 और 62 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया, जबकि भाजपा को इन चुनावों में केवल तीन और 8 सीटें मिलीं.