हवा में घुला जहर! दुनिया में हर साल प्रदूषण से 80 लाख मौतें, भारत सबसे ज्यादा प्रभावित, देखें आंकड़े

दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाला प्रदूषण हर साल चर्चा में रहता है, लेकिन वायु प्रदूषण की समस्या सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं है. जहरीली हवा दुनिया भर में लाखों लोगों की जान ले रही है.

8 million deaths worldwide each year due to Air pollution India affected
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Air Pollution: दिवाली के दौरान पटाखों से होने वाला प्रदूषण हर साल चर्चा में रहता है, लेकिन वायु प्रदूषण की समस्या सिर्फ त्योहारों तक सीमित नहीं है. जहरीली हवा दुनिया भर में लाखों लोगों की जान ले रही है. स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में दुनिया भर में वायु प्रदूषण के कारण करीब 80 लाख लोगों की मौत हुई. इनमें से लगभग 20.06 लाख मौतें अकेले भारत में दर्ज की गईं. यानी दुनिया में प्रदूषण से होने वाली हर चार मौतों में से करीब एक भारत में हुई.

भारत में वायु प्रदूषण के कई कारण हैं. इनमें गाड़ियों और फैक्ट्रियों से निकलने वाला धुआं, कोयले से चलने वाले बिजली घर, खेती से जुड़ी गतिविधियां और घरों में खाना पकाने के लिए ठोस ईंधन का इस्तेमाल शामिल है. इसका सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को रहता है. हवा में मौजूद PM2.5 के बेहद छोटे कण फेफड़ों के साथ दिल और दिमाग को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं.

भारत में वायु प्रदूषण के लिए कौन-कौन से कारण जिम्मेदार?

भारत में वायु प्रदूषण के लिए सिर्फ वाहनों का धुआं या पराली जलाना ही जिम्मेदार नहीं है. इसके पीछे कई दूसरे कारण भी हैं. स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर की रिपोर्ट के अनुसार, PM2.5 प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों में गाड़ियों से निकलने वाला धुआं, घरों में जलने वाले ईंधन, कोयले से चलने वाले बिजली संयंत्र, उद्योग, कृषि गतिविधियां, कचरा जलाना और जंगलों में लगने वाली आग शामिल हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में दक्षिण एशिया दुनिया का सबसे ज्यादा PM2.5 प्रदूषण झेलने वाला क्षेत्र रहा. भारत भी उन देशों में शामिल है, जहां वायु प्रदूषण का बोझ काफी ज्यादा है.

घरों में खाना पकाने से भी फैल रहा प्रदूषण

वायु प्रदूषण का खतरा सिर्फ सड़कों और फैक्ट्रियों तक सीमित नहीं है. घरों के अंदर भी जहरीला धुआं लोगों की सेहत को नुकसान पहुंचा रहा है. भारत के कई हिस्सों में आज भी खाना पकाने के लिए लकड़ी, कोयला और गोबर जैसे ठोस ईंधन का इस्तेमाल किया जाता है.

इन ईंधनों को जलाने से निकलने वाला धुआं घर के अंदर और बाहर दोनों जगह प्रदूषण बढ़ाता है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले ठोस ईंधन से निकलने वाला धुआं बाहरी PM2.5 प्रदूषण में करीब 30 फीसदी योगदान देता है.

बच्चों और बुजुर्गों के लिए ज्यादा खतरनाक है जहरीली हवा

प्रदूषित हवा का असर हर उम्र के व्यक्ति पर पड़ता है, लेकिन बच्चों और बुजुर्गों को इससे ज्यादा खतरा होता है. बच्चों के फेफड़े और शरीर के दूसरे अंग पूरी तरह विकसित नहीं हुए होते. ऐसे में प्रदूषण के छोटे-छोटे कण उनकी सांस की नलियों में सूजन और दूसरी परेशानियां पैदा कर सकते हैं.

गर्भवती महिलाओं के लिए भी प्रदूषण खतरनाक है. गर्भावस्था के दौरान जहरीली हवा के संपर्क में रहने से समय से पहले बच्चे का जन्म होने और जन्म के समय उसका वजन कम रहने का खतरा बढ़ सकता है.

वहीं, बुजुर्गों में प्रदूषण के कारण दिल और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां बढ़ सकती हैं. रिपोर्ट के अनुसार, साल 2023 में दुनिया भर में 70 साल से ज्यादा उम्र के करीब 50 लाख लोगों की मौत वायु प्रदूषण से जुड़ी थी.

फेफड़ों के अलावा दिल और दिमाग को भी नुकसान

वायु प्रदूषण को अक्सर सांस की बीमारियों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इसका असर शरीर के दूसरे अंगों पर भी पड़ता है. हवा में मौजूद PM2.5 के कण इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों के अंदर पहुंच जाते हैं. वहां से ये खून के जरिए शरीर के दूसरे हिस्सों तक भी जा सकते हैं.

इन कणों के कारण शरीर में सूजन और दूसरी परेशानियां बढ़ सकती हैं. लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से हार्ट अटैक, स्ट्रोक, दिल की बीमारियां, टाइप-2 डायबिटीज और फेफड़ों के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है.

याददाश्त कमजोर करने वाली बीमारी से भी जुड़ा प्रदूषण

वायु प्रदूषण का असर दिमाग पर भी पड़ सकता है. स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर की 2025 की रिपोर्ट में पहली बार डिमेंशिया जैसी बीमारी से होने वाली मौतों में प्रदूषण की भूमिका को भी शामिल किया गया है.

डिमेंशिया एक ऐसी बीमारी है, जिसमें व्यक्ति की याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित होने लगती है. रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2023 में दुनिया भर में डिमेंशिया से जुड़ी करीब 6.26 लाख मौतों के लिए वायु प्रदूषण को जिम्मेदार माना गया. इससे साफ है कि जहरीली हवा का असर सिर्फ सांस लेने में परेशानी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर के कई अहम अंगों को नुकसान पहुंचा सकती है.

ये भी पढ़ें- क्या 13 नवंबर 2026 को खत्म हो जाएगी दुनिया? 66 साल पहले हुई थी भविष्यवाणी, जानें कितनी है सच्चाई