UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने अचानक करवट ली है. अवध और पूर्वांचल समेत प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले 30 से 36 घंटे से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है. कई इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने 25 से 27 सितंबर के बीच पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी है.
आठ जिलों में रेड अलर्ट
भारी बारिश के बीच श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में जोखिम बढ़ गया है. प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील की है.
50 से ज्यादा शहरों में बारिश का असर
प्रदेश के कई शहरों में 24 घंटे से ज्यादा समय से बारिश का दौर जारी है. लखनऊ, गोंडा, बहराइच, गोरखपुर, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, रायबरेली, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, प्रतापगढ़, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बस्ती समेत कई जिलों में बारिश के चलते सड़क और बाजारों में पानी भर गया है. राजधानी लखनऊ में लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है.
श्रावस्ती में 36 घंटे से बारिश
श्रावस्ती में करीब 36 घंटे से हो रही बारिश ने कई इलाकों में परेशानी बढ़ा दी है. नेशनल हाईवे-730 के कुछ हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है. भारत और नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश के कारण राप्ती नदी के जलस्तर पर भी नजर रखी जा रही है. नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है.
खेतों में पानी भरने से किसानों की बढ़ी चिंता
लगातार बारिश का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखाई दे रहा है. कई जगह खेतों में पानी भर गया है, जबकि तेज हवाओं के कारण कुछ इलाकों में फसलों के गिरने की जानकारी सामने आई है. इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासन की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रख रही हैं और नदियों व नालों के जलस्तर की निगरानी की जा रही है.
32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा
लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रदेश के 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है. राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर प्रशासन को सतर्क किया गया है. लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और नदी, नाले या पानी से भरे इलाकों में जाने से बचें.
CM योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
खराब मौसम और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जमीन पर मौजूद रहकर हालात का जायजा लेने और राहत-बचाव की तैयारियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील इलाकों में लोगों की सुरक्षा, जलस्तर और जलभराव की स्थिति की लगातार निगरानी करने को कहा गया है.
लखनऊ में 26 सितंबर को स्कूल बंद
लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लखनऊ में 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा. यह आदेश राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ सभी बोर्ड से संचालित स्कूलों पर लागू होगा. प्रशासन ने यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है.
रायबरेली और श्रावस्ती में भी स्कूलों पर फैसला
रायबरेली में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. वहीं श्रावस्ती में भी भारी बारिश के मद्देनजर सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. श्रावस्ती में परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए ‘RAINY DAY’ अवकाश रहेगा, जबकि शिक्षकों को निर्धारित शैक्षणिक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं.
मिर्जापुर में कक्षा 8 तक के स्कूल बंद
मिर्जापुर में भी लगातार बारिश को देखते हुए 26 सितंबर को कक्षा 8 तक के सभी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में गैरजरूरी यात्रा से बचने की अपील की है. खासतौर पर नदी, नाले और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से लोगों को बचने की सलाह दी गई है.
NDRF-SDRF अलर्ट
प्रदेश में बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव तंत्र को सक्रिय रखा गया है. संवेदनशील इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ाई गई है और जरूरत पड़ने पर NDRF तथा SDRF की टीमों की मदद ली जा सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी यूपी में 25 और 26 सितंबर को बहुत भारी बारिश तथा 27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में भी 25 से 27 सितंबर तक भारी बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है.
ये भी पढ़ें: ‘पहले माफियाओं का शासन था...’, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो से गरजे अमित शाह