राजस्थान के राजसमंद जिले से गणपति विसर्जन के बाद एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. रेलमगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार के चलते एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं. मृतकों में 12 साल का बच्चा, करीब 20 साल की युवती, 65 वर्षीय बुजुर्ग और एक महिला शामिल हैं. यह हादसा ग्राम पंचायत बनेडिया के तुर्कीया खेड़ा गांव के पास करीब 3:30 बजे हुआ.
तेज रफ्तार में मोड़ पर बेकाबू हुआ ट्रैक्टर
पुलिस के मुताबिक श्रद्धालु सांसेरा जलदेवी तालाब में गणपति विसर्जन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे. खटुकारा मार्ग पर तेज गति के कारण मोड़ पर ट्रैक्टर बेकाबू हो गया और पीछे लगी ट्रॉली पलट गई. इसमें सवार लोग उसके नीचे दब गए. तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
हादसे में करीब 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं. दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का जिला चिकित्सालय समेत अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और एसपी हेमंत कलाल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. इसके बाद अधिकारियों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना. चारों मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है और पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी है. गणपति विसर्जन के बाद घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है.
ये भी पढ़ें: Kal Ka Mausam: IMD का बड़ा अलर्ट! 7 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-बिजली का भी खतरा