
अगर रात को बिस्तर पर जाने के बाद भी दिमाग शांत नहीं होता और नींद आने में देर लगती है, तो एक आसान आदत आपकी मदद कर सकती है. सोने से पहले अगले दिन के कामों की छोटी-सी To-Do List लिखें. रिसर्च के अनुसार इससे मन हल्का महसूस करता है और जल्दी नींद आने में मदद मिलती है.

जब आप अगले दिन के जरूरी काम कागज पर लिख देते हैं, तो दिमाग उन्हें बार-बार याद रखने की कोशिश नहीं करता. इससे मानसिक तनाव कम होता है और अधूरे कामों की चिंता भी घटती है.

सोने से करीब एक घंटा पहले 5 मिनट निकालें और डायरी या नोटबुक में अगले दिन के जरूरी काम लिख लें. काम छोटे हों या बड़े, उन्हें क्रम से लिखने की आदत बेहतर प्लानिंग के साथ अच्छी नींद भी दिला सकती है.

To-Do List लिखने के बाद मोबाइल, लैपटॉप और अन्य स्क्रीन से दूरी बना लें स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट मेलाटोनिन हार्मोन के स्तर को प्रभावित करती है, जिससे नींद आने में दिक्कत हो सकती है.

रोजाना इस छोटी-सी आदत को अपनाने से न सिर्फ नींद की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है, बल्कि तनाव भी कम होता है. अच्छी नींद शरीर, दिमाग, याददाश्त और मूड सभी के लिए फायदेमंद मानी जाती है.

अगर To-Do List लंबी है, तो सबसे जरूरी 3 कामों को पहले नंबर पर रखें. इससे अगले दिन की शुरुआत बिना उलझन के होती है, काम पूरे करने में आसानी रहती है और मानसिक दबाव भी कम महसूस होता है. नियमित रूप से ऐसा करने से समय प्रबंधन और उत्पादकता दोनों में सुधार हो सकता है.