
'कुछ कुछ होता है' में शाहरुख खान की बेटी अंजलि बनकर घर-घर में पहचान बनाने वाली सना सईद एक बार फिर सुर्खियों में हैं.शादी के बाद वह अमेरिका में सेटल हो चुकी हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर का खुलासा कर सभी को भावुक कर दिया.

सना सईद ने जनवरी 2025 में अपने लॉन्ग-टाइम पार्टनर से शादी की.अब वह अमेरिका में रह रही हैं और अपनी निजी व प्रोफेशनल लाइफ पर ध्यान दे रही हैं.फिल्मों से दूरी के बावजूद सोशल मीडिया के जरिए वह लगातार फैंस से जुड़ी रहती हैं.

सना ने बताया कि वह कई सालों तक बुलिमिया (Eating Disorder) से जूझती रहीं, लेकिन उन्हें यह तक पता नहीं था कि उनकी परेशानी का नाम क्या है.जागरूकता की कमी के कारण उन्होंने लंबे समय तक यह दर्द अकेले सहा.

एक भावुक वीडियो में सना ने बताया कि उन्हें हमेशा खाने को लेकर डर और चिंता रहती थी.वह अपनी इस समस्या को किसी से कह नहीं पाती थीं और उन्हें लगता था कि शायद उनके साथ ही कुछ गलत है.

सना ने बताया कि जब उन्होंने पहली बार बुलिमिया के बारे में पढ़ा, तब उन्हें समझ आया कि आखिर वह किस समस्या से जूझ रही हैं.हालांकि, खुद से यह स्वीकार करना कि उन्हें यह बीमारी है, उनके लिए सबसे कठिन कदम था.

एक्ट्रेस ने बताया कि अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और पहले से कहीं ज्यादा खुश हैं.उन्होंने कहा कि अगर कोई ऐसी समस्या से गुजर रहा है तो उसे चुप रहने के बजाय भरोसेमंद लोगों और विशेषज्ञों से मदद लेनी चाहिए.

सना सईद ने अपनी कहानी इसलिए साझा की ताकि जो लोग ऐसी मानसिक या खानपान से जुड़ी परेशानियों से जूझ रहे हैं, उन्हें यह एहसास हो कि वे अकेले नहीं हैं.सही समय पर मदद और इलाज से इस समस्या से बाहर निकला जा सकता है.