
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में पुर्तगाल ने क्रोएशिया को 2-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की. टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली. हालांकि मैच खत्म होने के बाद जीत से ज्यादा चर्चा क्रिस्टियानो रोनाल्डो के एक भावुक पल की हुई. मैदान पर जो नजारा देखने को मिला, उसने दुनियाभर के फुटबॉल फैंस की आंखें नम कर दीं.

मैच के बाद जब रोनाल्डो मैदान पर आए तो सभी की नजर उनकी जर्सी पर टिक गई. उन्होंने अपनी मशहूर नंबर 7 जर्सी नहीं, बल्कि नंबर 21 की जर्सी पहन रखी थी. फैंस सोच में पड़ गए कि आखिर रोनाल्डो ने इतने बड़े मैच के बाद अपनी पहचान वाली जर्सी छोड़कर नंबर 21 क्यों पहनी.

दरअसल, नंबर 21 जर्सी पुर्तगाल के दिवंगत फुटबॉलर डियोगो जोटा की थी. रोनाल्डो ने अपने साथी खिलाड़ी और करीबी दोस्त को श्रद्धांजलि देने के लिए यह जर्सी पहनी, यह सिर्फ एक जर्सी नहीं थी, बल्कि दोस्ती, सम्मान और यादों का ऐसा प्रतीक थी जिसने हर किसी को भावुक कर दिया.

मैच खत्म होने के बाद रोनाल्डो खुद को संभाल नहीं पाए. उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने आसमान की ओर देखकर अपने दोस्त को याद किया. स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शक भी इस भावुक पल के गवाह बने। सोशल मीडिया पर रोनाल्डो की तस्वीरें तेजी से वायरल हो गईं.

पूरी पुर्तगाल टीम ने भी डियोगो जोटा को श्रद्धांजलि दी. खिलाड़ियों ने मैच से पहले और जीत के बाद उन्हें याद किया और यह जीत उनके नाम समर्पित की. टीम के कई खिलाड़ियों ने रोनाल्डो को गले लगाकर उनका हौसला बढ़ाया। यह पल खेल भावना और दोस्ती की मिसाल बन गया.

डियोगो जोटा पुर्तगाल के सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में गिने जाते थे. उन्होंने क्लब और राष्ट्रीय टीम के लिए कई यादगार गोल किए थे और अपनी मेहनत से खास पहचान बनाई थी. उनके अचानक निधन से पूरी फुटबॉल दुनिया सदमे में आ गई थी. रोनाल्डो कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि जोटा हमेशा उनके दिल में रहेंगे.

क्रोएशिया पर मिली इस जीत के साथ पुर्तगाल अब वर्ल्ड कप के अगले दौर में पहुंच चुका है, जहां उसका सामना मजबूत टीम स्पेन से होगा.लेकिन इस मुकाबले के बाद सबसे ज्यादा याद किया जाएगा रोनाल्डो का वह भावुक अंदाज, जब उन्होंने नंबर 21 की जर्सी पहनकर अपने दोस्त डियोगो जोटा को श्रद्धांजलि दी। यह पल फुटबॉल इतिहास के सबसे भावुक लम्हों में हमेशा याद रखा जाएगा.