राजा वडिंग की विदाई, परगट सिंह की ताजपोशी... चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में बड़ा फेरबदल

पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है. अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है.

Pargat Singh Named New Punjab Congress Chief Ahead
Image Source: Social Media

पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है. अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद कांग्रेस ने पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है. वड़िंग ने 2 अक्टूबर को राहुल गांधी से मुलाकात के बाद औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा सौंपा था. कांग्रेस ने उनके कार्यकाल के लिए उन्हें धन्यवाद भी दिया है.

गुटबाजी के बीच बदला गया नेतृत्व

राजा वड़िंग अप्रैल 2022 से पंजाब कांग्रेस की कमान संभाल रहे थे. पिछले कुछ समय से प्रदेश कांग्रेस में अंदरूनी मतभेद और नेतृत्व को लेकर खींचतान की खबरें सामने आ रही थीं. रिपोर्टों के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व वाला एक धड़ा वड़िंग को हटाने की मांग कर रहा था. खुद वड़िंग ने इस्तीफे के बाद कहा कि उन्हें ऐसा लगा कि पंजाब प्रभारी बनाए गए सचिन पायलट उन्हें प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाना चाहते थे. हालांकि, वड़िंग ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी ने उन्हें सीधे तौर पर इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा था.

2027 चुनाव से पहले कांग्रेस ने बदली रणनीति

परगट सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. परगट सिंह हॉकी में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और पंजाब सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. वह चरणजीत सिंह चन्नी के मुख्यमंत्री कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री रहे थे. अब उनके सामने प्रदेश संगठन को संभालने के साथ आगामी चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी. कांग्रेस के लिए यह बदलाव ऐसे वक्त में हुआ है जब पार्टी पंजाब इकाई में लंबे समय से चली आ रही अंदरूनी खींचतान के बीच संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

'राहुल गांधी किसी के सगे नहीं हैं'

बीजेपी और आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से कांग्रेस के नेता जिस तरह आपस में लड़ रहे हैं, वो तो सिर्फ ट्रेलर है अभी पूरी पिक्चर बाकी है. पूर्व केन्द्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि राहुल गांधी किसी के सगे नहीं हैं. वह यूज एंड थ्रो की पॉलिसी पर चलते हैं, राजा वडिंग इसका लेटेस्ट एग्जाम्पल हैं. पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वडिंग का इस्तीफा सिर्फ शुरुआत है, चुनाव से पहले कांग्रेस में भगदड़ मचेगी.

ये भी पढ़ें: दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान, दिल्ली से बिहार-यूपी समेत कई राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेनें