Zoho Arattai: चेन्नई की Zoho Corporation का अपना मैसेजिंग ऐप Arattai सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. इसे भारत में WhatsApp का सबसे बड़ा प्रतियोगी माना जा रहा है. खास बात यह है कि Arattai ने वह सुविधा पेश की है जो किसी भी ग्लोबल मैसेजिंग ऐप में अभी तक नहीं देखी गई, Android TV के लिए आधिकारिक ऐप सपोर्ट.
Android TV पर मैसेजिंग का नया युग
पहली बार किसी मैसेजिंग ऐप ने Android TV के लिए आधिकारिक ऐप लॉन्च किया है. पहले WhatsApp, Telegram, Signal जैसे लोकप्रिय ऐप्स का Android TV वर्जन उपलब्ध नहीं था, जिससे यूज़र्स को मैसेजिंग में असुविधा होती थी. Arattai ने इस कमी को पूरी तरह दूर कर दिया है और Google Play Store पर इसका Android TV ऐप आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है.
मल्टी-डिवाइस सपोर्ट से मिली खासियत
WhatsApp के मुकाबले Arattai ने मल्टी-डिवाइस सपोर्ट के मामले में बेहतर प्रदर्शन किया है. यह ऐप केवल स्मार्टफोन तक सीमित नहीं है, बल्कि Linux, macOS और Windows जैसे कई प्लेटफॉर्म्स पर भी इस्तेमाल किया जा सकता है. अब यूज़र एक ही अकाउंट को कई डिवाइस पर आराम से चला सकते हैं, जिससे सुविधा दोगुनी हो गई है.
Arattai बनाम WhatsApp
मीटिंग्स फीचर: WhatsApp की वीडियो कॉलिंग सीमित है, लेकिन Arattai ने Google Meet और Zoom जैसा मीटिंग अनुभव ऐप में ही शामिल किया है. यूज़र मीटिंग्स को तुरंत शुरू कर सकते हैं, जॉइन कर सकते हैं या शेड्यूल भी कर सकते हैं.
Pocket क्लाउड स्टोरेज: WhatsApp में लोग खुद को मैसेज भेजकर नोट्स बनाते हैं, लेकिन Arattai में ‘Pocket’ नाम का फीचर है जहां टेक्स्ट, मीडिया और लिंक सुरक्षित रखे जा सकते हैं.
मेंशन्स टैब: Slack जैसी सुविधा के तहत यूज़र देख सकते हैं कि किस मैसेज में उन्हें टैग किया गया है, जिससे नोटिफिकेशन मिस होना मुश्किल है.
नो ऐड्स पॉलिसी: Arattai का दावा है कि वह यूज़र्स का डेटा विज्ञापन के लिए इस्तेमाल नहीं करेगा, जबकि WhatsApp अब विज्ञापन दिखाने लगा है.
AI फीचर का सरल अनुभव: WhatsApp में जबरन जोड़े गए AI फीचर को बंद करना मुश्किल है, वहीं Arattai में फिलहाल कोई अनचाहा AI इंटरफेस नहीं है, जिससे यूज़र को एक साफ-सुथरा अनुभव मिलता है.
‘WhatsApp Killer’ के तौर पर उभरता Arattai
भारत में बनी Arattai धीरे-धीरे ‘WhatsApp Killer’ के रूप में लोकप्रिय हो रही है. यह न केवल सुरक्षित और विज्ञापन-रहित अनुभव प्रदान करता है, बल्कि Android TV सपोर्ट और अनोखे फीचर्स की वजह से भी इसे मौजूदा चैटिंग ऐप्स से आगे माना जा रहा है. अगर आप एक ऐसे मैसेजिंग ऐप की तलाश में हैं जो ज्यादा सुविधाजनक, प्राइवेसी-फ्रेंडली और तकनीकी रूप से उन्नत हो, तो Arattai एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: अगर चलानी है Snapchat की ये सर्विस? तो चुकाने होंगे पैसे, हर महीने कंपनी वसूलेगी इतना चार्ज