नाटक कर रहा है... कौन है वो शख्स जिसकी बीमारी पर कंटेस्टेंट को नहीं हो रहा विश्वास; कैप्टन को करनी पड़ी अपील

रियलिटी शो बिग बॉस 19 में इन दिनों कंटेस्टेंट जीशान कादरी सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई टास्क या झगड़ा नहीं, बल्कि उनका लगातार आराम फरमाना है. घर के बाकी सदस्यों का कहना है कि जीशान अधिकतर समय बिस्तर पर ही नजर आते हैं.

Zeeshan Kadri fakes about his health in big boss house abhishek bajaj appeals
Image Source: Social Media

रियलिटी शो बिग बॉस 19 में इन दिनों कंटेस्टेंट जीशान कादरी सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई टास्क या झगड़ा नहीं, बल्कि उनका लगातार आराम फरमाना है. घर के बाकी सदस्यों का कहना है कि जीशान अधिकतर समय बिस्तर पर ही नजर आते हैं और सुबह देर तक उठते भी नहीं. पहले उनकी सेहत को लेकर सभी सहानुभूति जता रहे थे, लेकिन अब घरवालों को शक होने लगा है कि कहीं ये बीमारी महज एक बहाना तो नहीं?

हालिया एपिसोड में एक चर्चा के दौरान अभिनेत्री कुनिका सदानंद ने सीधे सवाल उठाते हुए कहा, “हम भी बीमार हुए हैं, वायरल में शूटिंग की है, लेकिन ऐसा क्या हो गया कि इनकी तबीयत इतने दिन से सुधर ही नहीं रही?” इस पर बाकी सदस्य भी अपनी सहमति जताते दिखे और जीशान की एक्टिविटी पर सवाल खड़े करने लगे.

कप्तान अभिषेक बजाज ने बिग बॉस से की रिपोर्ट्स की मांग

घर के मौजूदा कप्तान अभिषेक बजाज ने जब यह बातचीत सुनी तो उन्होंने खुद इस मसले को गंभीरता से लिया. उन्हें भी लगा कि या तो जीशान बीमारी का सहारा लेकर जिम्मेदारियों से बच रहे हैं, या फिर बिग बॉस की ओर से किसी तरह का पक्षपात हो रहा है. ऐसे में अभिषेक ने बिग बॉस से जीशान की मेडिकल रिपोर्ट्स की मांग कर दी. उनका कहना था कि अगर जीशान वाकई बीमार हैं, तो सबको यह क्लियर होना चाहिए, वरना बाकी घरवालों के साथ यह अन्याय होगा.

बिग बॉस की ओर से अब तक चुप्पी

हालांकि, अभिषेक की इस अपील पर अब तक बिग बॉस की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन सूत्रों की मानें तो आने वाले एपिसोड में इस मुद्दे पर कोई बड़ा फैसला या खुलासा हो सकता है. आखिरकार, यह सवाल शो की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़ा है.

कप्तान तो बने, पर नियंत्रण नहीं

अभिषेक बजाज को कप्तान बने कुछ ही दिन हुए हैं, मगर उनका नेतृत्व अब तक प्रभावी साबित नहीं हुआ है. घर में अनुशासन की कमी और बढ़ती बहसों के बीच उनका यह कदम जीशान की हेल्थ रिपोर्ट की मांग शायद उन्हें एक सख्त कप्तान के रूप में स्थापित कर सकता है. अब देखना होगा कि जीशान की तबीयत वाकई खराब है या फिर उनके आराम करने के पीछे कोई और वजह छिपी है. दर्शकों और घरवालों दोनों की नजरें अब बिग बॉस की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं. क्या वे रिपोर्ट सार्वजनिक करेंगे या ये मुद्दा किसी टास्क या वीकेंड के वार तक टाल दिया जाएगा?

यह भी पढ़ेंः ऋतिक रोशन से लेकर प्रभास तक... 'कांतारा: चैप्टर 1' का ट्रेलर रिलीज़, दमदार अंदाज़ में नजर आए ऋषभ शेट्टी