CM योगी की मां का आज होगा अंतिम संस्कार, चंडी घाट पर सुबह 10 बजे दी जाएगी अंतिम विदाई, जानें कौन-कौन पहुंचेंगे

CM Yogi Mother Passed Away: उत्तराखंड के पंचूर गांव में 91 वर्षीय सावित्री देवी ने ली थी अंतिम सांस. हरिद्वार के चंडी घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी, सीएम योगी के साथ दोनों डिप्टी सीएम, मोहन भागवत और कई दिग्गज नेताओं के पहुंचने की संभावना.

yogi-mother-funeral-haridwar-chandi-ghat-leaders-arrangements
Image Source: Internet

CM Yogi Mother Passed Away: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन के बाद अब उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां तेज हो गई हैं. 91 वर्षीय सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी. मां के निधन की सूचना मिलने के बाद सीएम योगी पंचूर पहुंचे और अंतिम दर्शन किए. अब शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 10 बजे हरिद्वार के चंडी घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. इस दौरान उत्त र प्रदेश और उत्तराखंड के कई बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना है.

चंडी घाट पर प्रशासन ने बढ़ाई तैयारियां

 सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में नीलधारा गंगा के तट पर स्थित चंडी घाट के श्मशान घाट पर होगा. जिला प्रशासन ने यहां व्यवस्थाएं दुरुस्त करनी शुरू कर दी हैं. सुरक्षा से लेकर अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा तक के इंतजाम किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलिकॉप्टर से हरिद्वार पहुंचेंगे. इसके लिए चंडी घाट के नजदीक कांगड़ी गांव में हेलिकॉप्टर उतारने की व्यवस्था की जा रही है.

दोनों डिप्टी सीएम समेत कई नेता हो सकते हैं शामिल

 सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के शामिल होने की संभावना है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और यूपी सरकार के कई मंत्री भी पहुंच सकते हैं. इसके अलावा बीजेपी संगठन के पदाधिकारियों के साथ दिल्ली के कुछ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के आने की भी संभावना जताई जा रही है. उत्तराखंड सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक भी अंतिम विदाई में शामिल हो सकते हैं.

मोहन भागवत के पहुंचने की भी चर्चा

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के भी सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने की संभावना है. बताया जा रहा है कि वह हरिद्वार में शांतिकुंज के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे हैं और उनका रात्रि विश्राम भी वहीं प्रस्तावित है. ऐसे में माना जा रहा है कि वह चंडी घाट पहुंचकर सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दे सकते हैं. हालांकि, उनकी मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

मां के अंतिम दर्शन के लिए पंचूर पहुंचे थे सीएम योगी

सावित्री देवी के निधन की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे. उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान वह भावुक नजर आए और कुछ देर तक मौन रहे. उत्तराखंड सरकार में मंत्री सुबोध उनियाल समेत कई जनप्रतिनिधि भी वहां मौजूद थे. गांव में परिवार और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल है.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं और उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. सीएम धामी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की.

ये भी पढ़ें- ‘मां का जाना अपूरणीय क्षति’, CM योगी को PM मोदी ने किया फोन, अमित शाह ने भी जताया दुख