CM Yogi Mother Passed Away: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है. 91 वर्षीय सावित्री देवी ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और इस दुखद घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
पीएम मोदी ने फोन कर जताई संवेदना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योगी आदित्यनाथ से बातचीत कर उनकी मां के निधन पर दुख जताया. पीएम ने इस मुश्किल समय में मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की. वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन को बेहद दुखद बताया. उन्होंने लिखा कि मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की.
कल ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर होगा अंतिम संस्कार
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार, 21 नवंबर को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर किए जाने की जानकारी सामने आई है. इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है. सावित्री देवी के निधन पर मुख्यमंत्री धामी ने भी शोक व्यक्त करते हुए योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है.
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी जताया दुख
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मां का साया जीवन में बहुत बड़ा संबल होता है और उनके जाने से होने वाले दुख को शब्दों में बयां करना मुश्किल है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और योगी आदित्यनाथ समेत पूरे परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
मां का साया उठना सबसे बड़ा आघात-राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया. उन्होंने लिखा कि जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है. इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके पूरे परिवार के साथ हैं. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
कई नेताओं ने परिवार के प्रति जताई संवेदना
सावित्री देवी के निधन पर देशभर के राजनीतिक नेताओं और शुभचिंतकों की ओर से शोक संदेश आ रहे हैं. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अलावा कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया. सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और योगी आदित्यनाथ व उनके परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति मिलने की कामना की.
ये भी पढ़ें- नहीं रहीं CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी, उत्तराखंड के पंचूर गांव में हुआ निधन