WPL 2026: कौन है वो खिलाड़ी, जिसकी वैभव सूर्यवंशी से की जा रही तुलना? इस उम्र में किया डेब्यू

Deeya Yadav WPL: क्रिकेट में कम उम्र में बड़े रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला लगातार जारी है. IPL में महज 14 साल की उम्र में डेब्यू कर वैभव सूर्यवंशी पहले ही इतिहास रच चुके हैं. अब महिला प्रीमियर लीग यानी WPL में भी सबसे कम उम्र में खेलने वाली खिलाड़ी का नया रिकॉर्ड बन गया है.

WPL 2026 Diya Yadav who is being compared to Vaibhav Suryavanshi made her debut at the age of 14
Image Source: Social Media

Deeya Yadav WPL: क्रिकेट में कम उम्र में बड़े रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला लगातार जारी है. IPL में महज 14 साल की उम्र में डेब्यू कर वैभव सूर्यवंशी पहले ही इतिहास रच चुके हैं. अब महिला प्रीमियर लीग यानी WPL में भी सबसे कम उम्र में खेलने वाली खिलाड़ी का नया रिकॉर्ड बन गया है. मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के मुकाबले में 16 साल की दीया यादव ने डेब्यू कर यह उपलब्धि हासिल की और WPL की रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया.

नवंबर 2025 में हुए WPL 2026 ऑक्शन के दौरान दीया यादव पहली बार चर्चा में आई थीं. उस वक्त दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था. इसके साथ ही वह WPL ऑक्शन में बिकने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई थीं. हालांकि, ऑक्शन के बाद फैंस को उनके डेब्यू का इंतजार करना पड़ा. WPL 2026 के शुरुआती मुकाबलों में उन्हें मौका नहीं मिला और टीम को पहले चार मैचों में से तीन में हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स ने इस युवा बल्लेबाज को प्लेइंग-11 में शामिल करने का फैसला किया.

16 साल और 103 दिन में WPL डेब्यू

मंगलवार 20 जनवरी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में दीया यादव को पहली बार WPL में खेलने का मौका मिला. जैसे ही वह मैदान पर उतरीं, उन्होंने इतिहास रच दिया. 16 साल और 103 दिन की उम्र में दीया WPL में खेलने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं. उन्होंने इस मामले में जी कमलिनी का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने पिछले सीजन में 16 साल और 213 दिन की उम्र में डेब्यू किया था.

संयोग की बात यह रही कि दीया के डेब्यू से ठीक पहले जी कमलिनी चोट के कारण WPL 2026 से बाहर हो गईं. उनकी जगह मुंबई इंडियंस ने 20 साल की वैष्णवी शर्मा को अपनी स्क्वॉड में शामिल किया, जिन्होंने इसी मुकाबले में अपना WPL डेब्यू भी किया.

शेफाली वर्मा की तर्ज पर विस्फोटक बल्लेबाजी

हरियाणा से आने वाली दीया यादव को दिल्ली कैपिटल्स ने भविष्य की स्टार बल्लेबाज के रूप में देखा है. टीम को उनसे उसी तरह की आक्रामक बल्लेबाजी की उम्मीद है, जैसी शेफाली वर्मा करती हैं. यह उम्मीद यूं ही नहीं है, क्योंकि दीया ने खुद अपनी बल्लेबाजी शैली को शेफाली वर्मा से प्रेरित बताया है और मैदान पर वह उसी अंदाज में खेलती भी नजर आती हैं.

कम उम्र में बड़े प्रदर्शन से मचाया था धमाल

दीया यादव का रिकॉर्ड सिर्फ WPL डेब्यू तक ही सीमित नहीं है. जब वह महज 14 साल की थीं, तब उन्होंने विमेंस अंडर-15 वनडे कप टूर्नामेंट में दिल्ली के खिलाफ 124 रन की शानदार और आक्रामक पारी खेली थी. इस पारी के बाद से ही उन्हें भारतीय महिला क्रिकेट के उभरते सितारों में गिना जाने लगा.

इसके अलावा 2025-26 सीजन के घरेलू टी20 टूर्नामेंट में भी दीया ने जबरदस्त प्रदर्शन किया. उन्होंने सिर्फ 8 पारियों में 298 रन बनाए, जहां उनका औसत 59.50 का रहा और स्ट्राइक रेट 128 का रहा. इतना ही नहीं, इंटर-जोनल टी20 टूर्नामेंट में भी दीया ने 5 पारियों में 150 की स्ट्राइक रेट से 150 रन ठोक दिए.

भविष्य की स्टार बनने की ओर दीया यादव

महज 16 साल की उम्र में WPL डेब्यू और रिकॉर्ड बनाने वाली दीया यादव ने यह साफ कर दिया है कि वह सिर्फ एक उभरती हुई खिलाड़ी नहीं, बल्कि भविष्य की बड़ी स्टार बनने की पूरी क्षमता रखती हैं. दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें जिस भरोसे के साथ टीम में शामिल किया है, वह भरोसा उनके अब तक के प्रदर्शन से सही साबित होता नजर आ रहा है. आने वाले समय में दीया यादव महिला क्रिकेट में एक बड़ा नाम बन सकती हैं.

ये भी पढ़ें- सिर्फ पैसे नहीं... "बोर्ड ऑफ पीस" में शामिल होने वाले को माननी होंगी ये शर्तें, ट्रंप ने 58 देशों को भेजा न्योता