विंडोज 10 का सपोर्ट हुआ खत्म, जानें विंडोज 11 में कैसे करें अपग्रेड?

माइक्रोसॉफ्ट ने आखिरकार विंडोज 10 का फ्री सपोर्ट बंद कर दिया है. 14 अक्टूबर 2025 से विंडोज 10 को अब कोई सिक्योरिटी अपडेट या टेक्निकल सपोर्ट नहीं मिलेगा. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपके लैपटॉप या कंप्यूटर पर विंडोज 10 चलना बंद हो जाएगा.

Windows 11 Supports will end from today know how to upgrade on 11
Image Source: Social Media

माइक्रोसॉफ्ट ने आखिरकार विंडोज 10 का फ्री सपोर्ट बंद कर दिया है. 14 अक्टूबर 2025 से विंडोज 10 को अब कोई सिक्योरिटी अपडेट या टेक्निकल सपोर्ट नहीं मिलेगा. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपके लैपटॉप या कंप्यूटर पर विंडोज 10 चलना बंद हो जाएगा. यह ऑपरेटिंग सिस्टम पहले की तरह काम करता रहेगा, लेकिन किसी भी नई सुरक्षा खामी या तकनीकी समस्या पर कंपनी की तरफ से कोई मदद नहीं दी जाएगी.


अब जब माइक्रोसॉफ्ट विंडोज 10 को सिक्योरिटी पैच और बग फिक्स उपलब्ध नहीं कराएगा, तो यूजर्स को संभावित साइबर हमलों का खतरा कहीं अधिक रहेगा. अगर सिस्टम में किसी तरह की सुरक्षा खामी सामने आती है, तो उसका कोई आधिकारिक समाधान नहीं मिलेगा. ऐसे में डेटा चोरी, वायरस अटैक और अन्य ऑनलाइन खतरों से बचाव के लिए यूजर्स को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी.

माइक्रोसॉफ्ट की ओर से सीमित विकल्प

जो लोग किसी कारणवश विंडोज 11 पर अपग्रेड नहीं कर सकते, उनके लिए माइक्रोसॉफ्ट ने कुछ विकल्प बनाए हैं. कंपनी का डिफेंडर एंटीवायरस अब भी अक्टूबर 2028 तक अपडेट मिलता रहेगा, जिससे बेसिक सिक्योरिटी बनी रह सकती है. इसके अलावा माइक्रोसॉफ्ट ने एक्सटेंडेड सिक्योरिटी अपडेट्स (ESU) प्रोग्राम भी पेश किया है, जिसे यूजर 15 अक्टूबर से सब्सक्राइब कर सकते हैं. इसके तहत $30 (करीब ₹2,650) सालाना में कुछ अतिरिक्त सुरक्षा कवरेज मिल सकेगी और यूजर्स अपने डेटा का बैकअप भी फ्री में ले पाएंगे.

कैसे करें विंडोज 11 में अपग्रेड

अगर आपका सिस्टम हार्डवेयर के लिहाज़ से विंडोज 11 के अनुकूल है, तो आप आसानी से अपग्रेड कर सकते हैं. इसके लिए बस सेटिंग्स में जाकर ‘अपडेट एंड सिक्योरिटी’ सेक्शन खोलना होगा. वहां ‘चेक फॉर अपडेट’ पर क्लिक करने पर विंडोज 11 का ऑप्शन दिख सकता है. एक बार डाउनलोड और इंस्टॉल प्रक्रिया पूरी हो जाए, तो सिस्टम रीस्टार्ट होगा और आप विंडोज 11 पर स्विच कर सकेंगे. इस प्रक्रिया के लिए आपके डिवाइस में पर्याप्त स्टोरेज और एक स्थिर इंटरनेट कनेक्शन होना आवश्यक है.

अब आगे क्या?

विंडोज 10 का सपोर्ट खत्म होने के साथ ही यह साफ हो गया है कि माइक्रोसॉफ्ट अब अपने पुराने सिस्टम्स को पीछे छोड़कर आधुनिक, ज्यादा सुरक्षित और बेहतर इंटरफेस वाले ऑपरेटिंग सिस्टम्स की ओर बढ़ रहा है. यूजर्स के लिए यह एक संकेत है कि समय रहते उन्हें भी खुद को अपग्रेड करना चाहिए. जो लोग तकनीकी बदलाव को नजरअंदाज़ कर आगे बढ़ते हैं, वे अक्सर साइबर हमलों के आसान शिकार बन जाते हैं.

यह भी पढ़ें: कोई और तो नहीं चला रहा आपका Gmail अकाउंट? ऐसे लगाएं पता, वरना हो सकता है बड़ा नुकसान