चैंपियंस ट्रॉफी के बाद रोहित शर्मा लेंगे संन्यास? गौतम गंभीर ने दे दिया इसका जवाब

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद इस सवाल ने और भी तूल पकड़ लिया है, और इसे लेकर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर से सवाल पूछा गया.

Will Rohit Sharma retire after the Champions Trophy Gautam Gambhir
रोहित शर्मा और गौतम गंभीर | Photo: ANI

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है, और भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय कर लिया है. अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि 9 मार्च को खेले जाने वाले फाइनल के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का अगला कदम क्या होगा? क्या वह इस टूर्नामेंट के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, या फिर अगले कुछ वर्षों तक 50 ओवर के फॉर्मेट में अपनी टीम की कप्तानी और खेल जारी रखेंगे?

सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद इस सवाल ने और भी तूल पकड़ लिया है, और इसे लेकर टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर से सवाल पूछा गया. दरअसल, चैंपियंस ट्रॉफी से पहले ऐसी रिपोर्टें आई थीं, जिनमें कहा गया था कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) भविष्य की तैयारी के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए रोहित शर्मा की जगह नए कप्तान को चुनने पर विचार कर रहा है. यह भी चर्चा थी कि पाकिस्तान में आयोजित हो रही यह चैंपियंस ट्रॉफी रोहित का आखिरी वनडे टूर्नामेंट हो सकता है, जिसके बाद वह वनडे क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं.

रोहित शर्मा ने इस टूर्नामेंट में जिस तरह से टीम इंडिया की कमान संभाली और उसे फाइनल तक पहुंचाया, उसने फैंस को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या सच में वह वनडे से संन्यास लेंगे? जब यह सवाल दुबई में हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौतम गंभीर से पूछा गया, तो उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी.

क्या बोले रोहित शर्मा?

गौतम गंभीर ने कहा, "अभी तो चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल सामने है, तो मैं अब से इस बारे में क्या कह सकता हूं? लेकिन एक बात जरूर कहूंगा, अगर आपका कप्तान इस तरह के मिजाज में बल्लेबाजी करता है, तो वह ड्रेसिंग रूम में एक बहुत मजबूत संदेश देता है कि उसमें क्रिकेट अभी बाकी है."

गंभीर ने आगे कहा, "रोहित ने भले ही बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन उनकी पारी प्रभावशाली थी. हम सिर्फ रन और औसत नहीं, बल्कि खिलाड़ी की पारी में छोड़ी गई छाप को देखते हैं. अगर वह छाप शानदार होती है, तो उससे ज्यादा मायने नहीं रखता कि उसने कितने रन बनाए."

'कप्तान खुद सबसे पहले खड़ा होता है'

गंभीर ने यह भी कहा कि कप्तान का मैदान पर सही वक्त पर कदम उठाना और टीम के लिए उदाहरण पेश करना, इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती. "जब हम जिस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं, उस पर कप्तान खुद सबसे पहले खड़ा होता है, तो उस स्थिति में उसके योगदान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता."

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोहित ने 29 गेंदों पर 28 रन बनाए थे, जिसमें 3 चौके और एक छक्का शामिल था. उनकी यह पारी भले ही बड़ी न हो, लेकिन उनका खेल और टीम के लिए योगदान महत्वपूर्ण रहा.

ये भी पढ़ेंः सीना तानकर हाथ मिलाते दिखे जयशंकर, लंदन में दिखा कुछ ऐसा अंदाज... पीएम कीर स्टार्मर से क्या कहा?