Aamir Khan Reena Dutta Divorce Reason: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहे जाने वाले आमिर खान एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके अभिनेता अब अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. आमिर की यह तीसरी शादी होगी, लेकिन इससे पहले उनकी पहली शादी और उसका अंत लंबे समय तक सुर्खियों में रहा था. रीना दत्ता के साथ उनका रिश्ता कभी बॉलीवुड के सबसे चर्चित प्रेम संबंधों में गिना जाता था, लेकिन समय के साथ दोनों की राहें अलग हो गईं.
कम उम्र में लिया था शादी का फैसला
आमिर खान ने साल 1986 में रीना दत्ता से शादी की थी. उस समय उनकी उम्र महज 21 साल थी और उन्होंने अभी तक बॉलीवुड में बतौर लीड एक्टर अपनी पहचान नहीं बनाई थी. दो साल बाद फिल्म 'कयामत से कयामत तक' ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया. शादी के बाद दोनों के परिवार में बेटे जुनैद खान और बेटी इरा खान का जन्म हुआ. लंबे समय तक यह जोड़ी एक खुशहाल परिवार की मिसाल मानी जाती रही.
ये चीज बनी रिश्ते में दूरी की वजह
हालांकि शादी के करीब 16 साल बाद दोनों ने साल 2002 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया. आमिर खान ने खुद कई इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि अपने करियर और काम में अत्यधिक व्यस्त रहने के कारण वह पत्नी और बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाए. उन्होंने यह भी माना था कि कम उम्र में शादी करने के कारण वह उस समय रिश्तों और पारिवारिक जिम्मेदारियों को पूरी तरह समझ नहीं सके थे. यही वजह धीरे-धीरे उनके वैवाहिक जीवन पर असर डालती चली गई.
अब गौरी स्प्रैट के साथ शुरू करेंगे नई पारी
रीना दत्ता से अलग होने के बाद आमिर खान ने साल 2005 में किरण राव से दूसरी शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता भी 2021 में समाप्त हो गया. अब अभिनेता ने खुद पुष्टि की है कि वह 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट के साथ शादी करने जा रहे हैं. जहां आमिर के लिए यह तीसरी शादी होगी, वहीं गौरी दूसरी बार विवाह बंधन में बंधेंगी. ऐसे में फैंस एक बार फिर आमिर की नई जिंदगी की शुरुआत को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें: कौन हैं आमिर खान की होने वाली बेगम गौरी स्प्रैट, प्रोफेशनल लाइफ में क्या करती हैं? जानें सब कुछ