Twisha Sharma Death: भोपाल में हाल ही में हुई ट्विशा शर्मा की मौत ने सबको स्तब्ध कर दिया है. सिर्फ एक आम गृहिणी नहीं, ट्विशा एक प्रतिभाशाली और महत्वाकांक्षी युवती थीं. एमबीए कर चुकी ट्विशा ने मार्केटिंग और कम्युनिकेशन की दुनिया में अपनी पहचान बनाई, तेलुगु फिल्म में अभिनय किया, पूर्व मिस पुणे रह चुकीं और योग प्रशिक्षक के रूप में भी जानी जाती थीं. डेटिंग ऐप से शुरू हुई उनकी लव स्टोरी शादी तक पहुंची, लेकिन कुछ ही महीनों बाद उनकी जिंदगी एक दर्दनाक मोड़ पर समाप्त हो गई. मौत से पहले मां और दोस्तों को भेजे गए भावुक संदेश अब कई सवाल खड़े कर रहे हैं कि क्या ट्विशा सच में परेशान थीं या इसके पीछे कोई गुप्त वजह थी.
मार्केटिंग और फिल्म जगत से जुड़ी थीं
उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा ने एमबीए की पढ़ाई पूरी की और शादी से पहले दिल्ली में कई वर्षों तक काम किया. उन्होंने तेलुगु फिल्म मुग्गुरु मोनागल्लू में भी अभिनय किया.
मुंबई की एक कंपनी में भी काम किया
ट्विशा का करियर मार्केटिंग, कम्युनिकेशन और क्रिएटिव फील्ड से जुड़ा रहा. कथित लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने खुद को डायनामिक प्रोफेशनल बताया था, जिन्हें मार्केटिंग के साथ-साथ अभिनय और फिल्म निर्माण में भी रुचि थी. प्रोफाइल में यह भी उल्लेख था कि उन्होंने मुंबई की कंपनी फ्लेवर पॉट फूड्स में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में काम किया. बाद में वह जर्मन एकेडमी ऑफ डिजिटल एजुकेशन (डीएडीबी) में कम्युनिकेशन एंड ऑनबोर्डिंग मैनेजर रहीं. इसके अलावा वह प्रमाणित योग प्रशिक्षक और विपश्यना मेडिटेशन की साधक भी थीं.
मां को भेजे थे भावुक संदेश
मौत से पहले ट्विशा द्वारा अपनी मां और दोस्तों को भेजे गए व्हाट्सऐप संदेश सामने आए हैं. इन संदेशों में उन्होंने खुद को मानसिक रूप से परेशान और शादीशुदा जिंदगी में “फंसा हुआ” महसूस करने की बात कही थी. एक संदेश में उन्होंने अपनी मां से लिखा था, “मुझे यहां क्यों भेजा? ये मुझसे बात तक नहीं कर रहा है.” एक अन्य संदेश में उन्होंने कहा, “मेरा जीवन नरक बन गया है मम्मी.” दोस्त के साथ हुई बातचीत में ट्विशा ने कहा था कि वह घर पर बैठने के कारण चिंता में हैं और जिंदगी में कुछ करना चाहती हैं.
परिवार ने की दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
ट्विशा की मौत के बाद उनके परिवार ने भोपाल में मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया और एम्स दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई. परिवार का आरोप है कि उन्हें न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा और उनके चचेरे भाई आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि पुलिस शुरुआत में एफआईआर दर्ज करने में भी आनाकानी करती रही.
SIT करेगी मामले की जांच
दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. परिवार ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है. परिवार को आशंका है कि आरोपियों का प्रभाव जांच को प्रभावित कर सकता है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: कलयुगी बेटा! पत्नी के सामने मां-बाप ने डांटा, फिर जो हुआ; जानकर चौंक जाएंगे आप