कौन हैं IPS ऑफिसर प्रीता वर्मा? जिन्हें मिला बिहार DGP का अतिरिक्त प्रभार, पढ़ें पूरी प्रोफाइल

Who is IPS Preeta Verma: राज्य सरकार ने 1991 बैच की वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है. विनय कुमार का कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होना है, ऐसे में प्रीता वर्मा को मिली यह जिम्मेदारी खास तौर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

Who is Preeta Verma additional charge of Bihar DGP
Image Source: Social Media

Who is IPS Preeta Verma: बिहार पुलिस के शीर्ष पद पर फिलहाल बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है. बिहार के मौजूदा DGP विनय कुमार 15 सितंबर से 21 दिनों के अर्जित अवकाश पर चले गए हैं. उनकी अनुपस्थिति में राज्य सरकार ने 1991 बैच की वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है. विनय कुमार का कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होना है, ऐसे में प्रीता वर्मा को मिली यह जिम्मेदारी खास तौर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

निजी और स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर DGP

गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, विनय कुमार को 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अवकाश स्वीकृत किया गया है. आदेश में अखिल भारतीय सेवा (छुट्टी) नियमावली, 1955 के नियम 10, 11 और 20 का उल्लेख करते हुए अपरिहार्य निजी एवं स्वास्थ्य संबंधी कारणों को छुट्टी की वजह बताया गया है. अवकाश खत्म होने के बाद विनय कुमार के दोबारा नियमित रूप से DGP का पदभार संभालने की बात कही गई है.

कौन हैं प्रीता वर्मा?

प्रीता वर्मा बिहार कैडर की 1991 बैच की वरिष्ठ IPS अधिकारी हैं. वह फिलहाल DG-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार के पद पर तैनात हैं. विनय कुमार के अवकाश पर रहने के दौरान अब उन्हें बिहार पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित विभागों और अधिकारियों को इसकी सूचना भेज दी गई है.

स्थायी DGP की दौड़ में भी नाम

प्रीता वर्मा को सिर्फ अस्थायी तौर पर DGP की जिम्मेदारी नहीं मिली है, बल्कि उनका नाम स्थायी DGP के चयन के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजी गई सूची में भी शामिल बताया जा रहा है. ऐसे में दिसंबर 2026 में विनय कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद बिहार पुलिस की कमान को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है. हालांकि, स्थायी नियुक्ति को लेकर अंतिम फैसला संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा.

5 अक्टूबर तक संभालेंगी DGP का अतिरिक्त प्रभार

सरकारी आदेश के अनुसार प्रीता वर्मा 15 सितंबर से विनय कुमार की छुट्टी खत्म होने तक बिहार DGP का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी. विनय कुमार 5 अक्टूबर को अवकाश से लौटने वाले हैं. इसके बाद वह नियमित रूप से DGP की जिम्मेदारी संभालेंगे. फिलहाल प्रीता वर्मा के सामने बिहार पुलिस के शीर्ष पद की जिम्मेदारी संभालने का यह कार्यवाहक कार्यकाल रहेगा.

ये भी पढ़ें: Bihar Cabinet Meeting: सम्राट कैबिनेट बैठक में 17 प्रस्तावों को मिली मंजूरी, ईंट-भट्ठा कारोबारियों को राहत