मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सज गया है. सैन जुआन में आयोजित प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में उन्होंने दुनियाभर की 115 प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर यह खिताब अपने नाम किया. इस साल भारत की ओर से काजिया लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप 30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप 12 तक नहीं पहुंच सकीं. वहीं, जेनिफर की जीत ने इतिहास रच दिया है. वह मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने वाली पहली मां बन गई हैं. शादीशुदा होने और सात साल की बेटी की मां होने के बावजूद उन्होंने दुनिया के सबसे चर्चित ब्यूटी पेजेंट में जीत हासिल की. आइए जानते हैं कौन हैं नई मिस यूनिवर्स जेनिफर बैरेटो और कैसा रहा उनका अब तक का सफर.
कौन हैं मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो?
प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने 24 नवंबर को सैन जुआन में आयोजित मिस यूनिवर्स 2026 के ग्रैंड फिनाले में ताज अपने नाम किया. इससे पहले उन्होंने सैन सेबेस्टियन का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. जून में उन्होंने मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको 2026 का खिताब जीता और इसी के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका हासिल किया.
जेनिफर की इस जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया है. इससे पहले इस देश की प्रतिभागियां 1970, 1985, 1993, 2001 और 2006 में यह खिताब जीत चुकी हैं. इस साल मिस डोमिनिकन रिपब्लिक फर्स्ट रनर-अप और मिस वेनेजुएला सेकंड रनर-अप रहीं. वहीं, मिस फिलीपींस चौथे और मिस न्यूजीलैंड पांचवें स्थान पर रहीं.
शादीशुदा हैं जेनिफर, सात साल की बेटी की हैं मां
जेनिफर बैरेटो की जीत की सबसे खास बात उनकी पारिवारिक पहचान है. वह शादीशुदा हैं और सात साल की बेटी पेनेलोप की मां हैं. मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली मां बनने के कारण उनकी उपलब्धि को खास माना जा रहा है. जेनिफर ने पढ़ाई के क्षेत्र में भी अच्छी उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने साइकोलॉजी में बैचलर डिग्री ली है. इसके अलावा उनके पास साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां भी हैं. ब्यूटी पेजेंट के मंच पर पहुंचने से पहले ही उन्होंने शिक्षा और सामाजिक कार्यों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है.
क्या करती हैं जेनिफर बैरेटो?
'होला' (Hola) की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनिफर अमेरिकी रक्षा विभाग के आर्मी डिवीजन में प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के तौर पर काम करती हैं. इस भूमिका में उनका उद्देश्य लोगों को नुकसान पहुंचाने वाले व्यवहार से दूर रखने और बेहतर समुदाय बनाने के लिए जागरूकता फैलाना है.
उन्हें ट्रॉमा, बच्चों की सुरक्षा और घरेलू हिंसा की रोकथाम जैसे क्षेत्रों में काम करने का अनुभव भी है. इसके अलावा वह प्यूर्टो रिको की पीडियाट्रिक डायबिटीज एसोसिएशन के साथ वालंटियर के रूप में जुड़ी हैं. यहां वह डायबिटीज से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों की मदद करती हैं और इस बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने का काम करती हैं. काम और सामाजिक गतिविधियों के अलावा जेनिफर को खाली समय में किताबें पढ़ना और वॉलीबॉल खेलना पसंद है.
पहली बार ब्यूटी पेजेंट में लिया था हिस्सा
जेनिफर बैरेटो की कहानी का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको में हिस्सा लेने से पहले उन्होंने कभी किसी ब्यूटी पेजेंट में भाग नहीं लिया था. उन्होंने इस मंच को सिर्फ ताज जीतने का मौका नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का जरिया माना.
ग्रैंड फिनाले के सवाल-जवाब राउंड में भी उन्होंने नेतृत्व को लेकर अपनी सोच रखी. जेनिफर के मुताबिक, अच्छे नेताओं को लोगों की बात ध्यान से सुननी चाहिए, अपने काम से उदाहरण पेश करना चाहिए और मजबूत समुदाय बनाने के लिए लगातार प्रयास करना चाहिए. उनकी इस सोच और उपलब्धियों ने मिस यूनिवर्स 2026 की जीत को और खास बना दिया.
यह भी पढ़ें: गोल्डन गाउन, ब्लू स्विमसूट और केरल का कॉस्ट्यूम, मिस यूनिवर्स में छाईं भारत की काजिया