Miss Universe 2026: मिस यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुकी है. इस बार भारत की ओर से काजिया लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. प्यूर्टो रिको में आयोजित हो रहे इस अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट में काजिया अपने शानदार लुक, आत्मविश्वास और स्टाइल से लोगों का ध्यान खींच रही हैं. प्रीलिमिनरी राउंड में उन्होंने नेशनल कॉस्ट्यूम, स्विमसूट और इवनिंग गाउन राउंड में हिस्सा लिया. तीनों ही राउंड में उनका अलग-अलग अंदाज देखने को मिला. कहीं वह गोल्डन गाउन में रॉयल नजर आईं, तो कहीं इलेक्ट्रिक ब्लू स्विमसूट में उन्होंने अपने कॉन्फिडेंस से सबको प्रभावित किया. वहीं, नेशनल कॉस्ट्यूम के जरिए उन्होंने केरल की संस्कृति और भारतीय विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया.
गोल्डन गाउन में दिखीं बेहद खूबसूरत
मिस यूनिवर्स के इवनिंग गाउन राउंड में काजिया लिज मेजो गोल्डन कलर के बेहद खूबसूरत गाउन में नजर आईं. इस गाउन का मरमेड सिल्हूट उनके लुक को खास बना रहा था. इसके निचले हिस्से में गोल्डन से ब्लू रंग का ओम्ब्रे इफेक्ट दिया गया था, जिसने आउटफिट को और आकर्षक बना दिया. इस खास गाउन को वियतनाम की डिजाइनर Nhà Mốt ने तैयार किया था. इसमें गोल्डन धागों की बारीक कढ़ाई और बीड्स का इस्तेमाल किया गया था. वहीं, कंधों से आगे तक फैला स्कल्प्चरल नेकपीस उनके पूरे लुक को रॉयल अंदाज दे रहा था.
काजिया ने इंस्टाग्राम पर इस आउटफिट की डिटेल शेयर करते हुए बताया कि उनका गोल्डन गाउन भारत की वीरता और 'सोने की चिड़िया' की पहचान से प्रेरित है. इसके जरिए देश की ताकत, खूबसूरती और हिम्मत को दिखाने की कोशिश की गई है. गाउन में शामिल नीला रंग भारतीय विरासत और केरल को सम्मान देने के लिए चुना गया.
इलेक्ट्रिक ब्लू स्विमसूट में बिखेरा जलवा
इवनिंग गाउन के अलावा स्विमसूट राउंड में भी काजिया का अंदाज चर्चा में रहा. इस राउंड के लिए उन्होंने इलेक्ट्रिक ब्लू कलर का टू-पीस आउटफिट चुना. इसमें उनका कॉन्फिडेंस और एनर्जेटिक रनवे वॉक देखने लायक था. उनके इस वॉक को 'हिप्नोटिका' नाम दिया गया था.
काजिया के रनवे कोच अर्निश इम्पिशा डाइमरी ने भी सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की. उन्होंने बताया कि आखिरी समय में कुछ बदलावों और बड़े मंच की चुनौतियों के बावजूद काजिया ने हर पल का शानदार इस्तेमाल किया. उनकी परफॉर्मेंस को सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किया जा रहा है.
नेशनल कॉस्ट्यूम में दिखाई केरल की संस्कृति
नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड में काजिया ने केरल की रंगीन संस्कृति और समृद्ध विरासत से प्रेरित खास आउटफिट पहना. इस कॉस्ट्यूम में देश के अलग-अलग हिस्सों से जुटाए गए खूबसूरत फैब्रिक का इस्तेमाल किया गया. इसके जरिए उन्होंने भारतीय संस्कृति और अपनी जड़ों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश किया.
काजिया ने इंस्टाग्राम पर अपने कॉस्ट्यूम की तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि उनके लिए यह सिर्फ एक ड्रेस नहीं, बल्कि अपनी जड़ों और विरासत का जश्न है. वह इस आउटफिट के जरिए केरल और लैटिन अमेरिकी संस्कृति के बीच खूबसूरत जुड़ाव भी दिखाना चाहती थीं.
सिर्फ 5 दिन में तैयार हुआ खास कॉस्ट्यूम
काजिया का यह खास नेशनल कॉस्ट्यूम हाउस ऑफ सिद्धांत ने डिजाइन किया था. इसमें प्यूर्टो रिको के चटख रंगों को भी शामिल किया गया, ताकि भारत और प्रतियोगिता के मेजबान देश की संस्कृतियों का खूबसूरत मेल दिखाया जा सके.
डिजाइनर के मुताबिक, इस कॉस्ट्यूम को तैयार करने के लिए टीम के पास सिर्फ पांच दिन का समय था. आमतौर पर इस तरह के कॉन्सेप्ट को तैयार करने में कई सप्ताह लग सकते हैं. इसे बनाने में 16 लोगों की टीम ने काम किया और करीब 80 मैन-डे की मेहनत लगी.
115 सुंदरियों से है काजिया का मुकाबला
मिस यूनिवर्स 2026 का ताज जीतने के लिए काजिया लिज मेजो को दुनिया भर की 115 प्रतिभागियों से मुकाबला करना है. इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हर देश की प्रतिनिधि अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास, समझदारी और प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हैं.
काजिया ने प्रीलिमिनरी राउंड में अपने अलग-अलग लुक और आत्मविश्वास से भारतीय दर्शकों का ध्यान खींचा है. अब सभी की निगाहें प्रतियोगिता के फिनाले पर टिकी हैं. देखना दिलचस्प होगा कि क्या काजिया दुनिया भर की प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर भारत के लिए मिस यूनिवर्स 2026 का ताज जीत पाती हैं.