WhatsApp का कमाल का फीचर! अब पर्सनल और ग्रुप चैट में शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज, जानें कैसे करेगा काम

WhatsApp New Feature: WhatsApp के नए फीचर से यूजर्स पहले से तय कर सकेंगे मैसेज भेजने की तारीख और समय. तय समय पर अपने आप भेजा जाएगा मैसेज, ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी. जानें कैसे काम करेगा यह फीचर और किन यूजर्स को मिलेगा इसका लाभ.

whatsapp-message-scheduling-feature-how-to-use-guide
Image Source: Social Media

WhatsApp New Feature: WhatsApp पर अब मैसेज भेजने के लिए सही समय का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कंपनी एक ऐसा नया फीचर लेकर आई है, जिसकी मदद से यूजर्स पहले से ही मैसेज भेजने की तारीख और समय तय कर सकेंगे. तय समय होते ही WhatsApp अपने आप मैसेज रिसीवर तक पहुंचा देगा. यानी मैसेज भेजने के लिए उस वक्त ऑनलाइन रहने या ऐप खोलकर रखने की जरूरत नहीं होगी. लंबे समय से इस सुविधा का इंतजार कर रहे यूजर्स के लिए यह काफी उपयोगी अपडेट साबित हो सकता है.

WhatsApp ने जारी किया मैसेज शेड्यूलिंग फीचर का टीजर

Meta के स्वामित्व वाले WhatsApp ने 25 नवंबर को अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए इस नए फीचर का टीजर जारी किया है. खास बात यह है कि मैसेज शेड्यूल करने की सुविधा सिर्फ पर्सनल चैट तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रुप चैट में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा. उदाहरण के लिए, अगर आपको किसी दोस्त को आधी रात में जन्मदिन की बधाई देनी है या किसी खास समय पर जरूरी जानकारी भेजनी है, तो आप पहले ही मैसेज लिखकर उसका समय निर्धारित कर सकते हैं.

कैसे शेड्यूल कर सकेंगे WhatsApp पर मैसेज?

इस फीचर का इस्तेमाल करना काफी आसान होगा. इसके लिए यूजर्स को सबसे पहले अपनी पर्सनल या ग्रुप चैट खोलनी होगी. इसके बाद मैसेज टाइप करके सेंड बटन को कुछ देर तक दबाकर रखना होगा. ऐसा करने पर मैसेज शेड्यूल करने का विकल्प दिखाई देगा. यहां से अपनी पसंद के अनुसार तारीख और समय चुनकर मैसेज को शेड्यूल किया जा सकेगा. तय समय आने पर WhatsApp खुद ही उसे भेज देगा.

10 मिनट से लेकर दो सप्ताह पहले तक कर सकेंगे शेड्यूल

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फीचर के जरिए यूजर्स कम से कम 10 मिनट और अधिकतम दो सप्ताह पहले तक मैसेज शेड्यूल कर सकेंगे. इसमें केवल टेक्स्ट मैसेज ही नहीं, बल्कि लिंक, फोटो और वीडियो भी शामिल किए जा सकेंगे. हालांकि, फिलहाल लोकेशन और डॉक्यूमेंट फाइल को शेड्यूल करने का विकल्प उपलब्ध होने की जानकारी नहीं है. ऐसे में यूजर्स कई जरूरी मैसेज पहले से तैयार करके सही समय पर भेजने की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे.

मैसेज भेजने से पहले कर सकेंगे डिलीट

WhatsApp यूजर्स को शेड्यूल किए गए मैसेज देखने और जरूरत पड़ने पर उन्हें डिलीट करने का विकल्प भी देगा. चैट की डिटेल्स में पेंडिंग मैसेज की अलग लिस्ट दिखाई देगी. अगर किसी वजह से आपका प्लान बदल जाता है, तो मैसेज भेजे जाने से पहले उसे हटाया जा सकेगा और इसके लिए सामने वाले व्यक्ति को कोई नोटिफिकेशन भी नहीं मिलेगा. वहीं, ग्रुप चैट में शेड्यूल किया गया मैसेज केवल उन्हीं सदस्यों को दिखाई देगा, जो मैसेज शेड्यूल किए जाने के समय उस ग्रुप में मौजूद थे. बाद में जुड़ने वाले सदस्य इसे प्राप्त नहीं कर सकेंगे.

धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा नया फीचर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ यूजर्स के अकाउंट में यह सुविधा काम करना शुरू कर चुकी है, जबकि अभी सभी लोगों को इसका एक्सेस नहीं मिला है. माना जा रहा है कि WhatsApp इस फीचर को चरणबद्ध तरीके से रोलआउट कर रहा है. जिन यूजर्स को अभी यह विकल्प नहीं दिख रहा है, उन्हें कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है. इसके अलावा वे अपने WhatsApp ऐप का अपडेट भी चेक कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक, शेड्यूल किए गए मैसेज भी WhatsApp की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सुरक्षा के दायरे में रहेंगे.

ये भी पढ़ें-WhatsApp Web यूजर्स सावधान! गृह मंत्रालय की चेतावनी, एक गलती से आपका अकाउंट हो सकता है हैक