Delivery Box Scam: अगले एक-दो दिनों में अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स साइट्स पर सेल शुरू होने वाली है. सेल के दौरान लोग अपनी पसंद का सामान खरीदकर घर पर डिलीवरी का इंतजार करते हैं. लेकिन पैकेज मिलने के बाद कई बार लोग डिलीवरी बॉक्स को ऐसे ही फेंक देते हैं. यह छोटी सी लापरवाही आपको बड़ा नुकसान पहुँचा सकती है. स्कैमर इस जानकारी का इस्तेमाल करके Delivery Box Scam को अंजाम देते हैं.
Delivery Box Scam कैसे होता है?
जब आप अपने नाम, एड्रेस और फोन नंबर वाले लेबल के साथ पैकेज फेंक देते हैं, तो स्कैमर इन्हें इकट्ठा कर लेते हैं. इसके बाद वे फर्जी कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव बनकर आपसे संपर्क करते हैं. पहले भरोसा जीतने के लिए वे कैशबैक, रिफंड, बोनस रिवॉर्ड या डिस्काउंट जैसी स्कीम का लालच देते हैं. यदि आप उनकी बातों में आ जाते हैं, तो वे फर्जी लिंक भेजते हैं, जहां आपका पर्सनल, फाइनेंशियल और बैंकिंग डेटा चुराने की कोशिश की जाती है.
सेल के दौरान बढ़ जाता है खतरा
सेल के समय लोग ज्यादा सामान ऑर्डर करते हैं, इसलिए डिलीवरी बॉक्स और लेबल का बड़ा ढेर घरों में जमा होता है. स्कैमर को इसी से मौके मिलते हैं. साथ ही, खरीदारों का मन पहले ही खरीदारी में व्यस्त होता है, इसलिए वे अक्सर फर्जी कॉल या ऑफर को असली मान लेते हैं. इस वजह से सेल के दौरान सतर्क रहना बेहद जरूरी है.
स्कैम से बचने के आसान तरीके
सबसे पहले, पैकेज फेंकने से पहले शिपिंग लेबल हटा दें. अगर यह हट नहीं रहा है तो मार्कर से पूरी जानकारी ब्लैक कर दें. अनजान कॉल, मैसेज या ईमेल पर भरोसा न करें, और किसी भी ऑफर के लालच में अपनी व्यक्तिगत जानकारी या OTP शेयर न करें. यह छोटे-छोटे कदम आपके डेटा और धन को सुरक्षित रखने में बड़ी मदद कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें: ये वॉर्निंग साइन दिखें तो तुरंत हो जाएं सावधान! वरना बम की तरह फट जाएगा आपका पावर बैंक