NEET UG 2026 Re-Exam: NEET UG 2026 परीक्षा को सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने व्यापक तैयारियां की हैं. परीक्षा 21 जून को देश के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा अंग्रेजी समेत 12 भारतीय भाषाओं में होगी.
NTA के अनुसार, परीक्षा की निगरानी के लिए 1.38 लाख से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं. सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर की जाएगी. इसके अलावा नकल और इलेक्ट्रॉनिक गड़बड़ियों को रोकने के लिए 51 हजार से ज्यादा जैमर लगाए गए हैं.
हर केंद्र पर सुरक्षा का खास इंतजाम
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों की तैनाती की गई है. हर परीक्षा कक्ष में दो इनविजिलेटर मौजूद रहेंगे और प्रत्येक केंद्र पर अतिरिक्त परीक्षा अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे.
अभ्यर्थियों की जांच के लिए करीब 39 हजार फ्रिस्किंग स्टाफ और 48 हजार से ज्यादा बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कर्मचारी लगाए गए हैं. फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी दी गई है ताकि पहचान की प्रक्रिया और मजबूत हो सके.
6,700 ऑब्जर्वर रखेंगे नजर
परीक्षा की निगरानी के लिए करीब 6,700 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं. इनके अलावा 100 से ज्यादा वर्चुअल ऑब्जर्वर लाइव CCTV फुटेज पर नजर रखेंगे. AI तकनीक की मदद से भी निगरानी की जाएगी ताकि किसी भी गड़बड़ी का तुरंत पता लगाया जा सके.
पुलिस और सुरक्षा बल भी रहेंगे तैनात
राज्य और जिला प्रशासन, पुलिस, अर्द्धसैनिक बल, भारतीय वायुसेना और डाक विभाग भी परीक्षा व्यवस्था में सहयोग करेंगे. औसतन हर परीक्षा केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे.
गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए करीब 1,500 बैंक शाखाओं में विशेष व्यवस्था की गई है. वहीं OMR शीट्स को सुरक्षित तरीके से जमा करने के लिए डाक विभाग भी पूरी तैयारी में है.
छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं
छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने का पानी, ORS, एम्बुलेंस और अभिभावकों के लिए छायादार वेटिंग एरिया की व्यवस्था की गई है.
हर परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी लगाई गई है. रफ वर्क के लिए अतिरिक्त पेज भी दिए जाएंगे. बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है.
अफवाहों पर NTA की सख्ती
NTA ने कहा है कि सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है. पेपर लीक जैसी अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें और किसी भी अपुष्ट खबर से बचें.
22 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए होने वाली इस परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
ये भी पढ़ें- Weather: मानसून ने पकड़ी रफ्तार, कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का खतरा! IMD ने दी चेतावनी