Weather Update: देश के विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 जून को देश के 17 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि तेज हवाओं की गति 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
इसके अलावा 11 और 12 जून के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है. कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
मानसून की रफ्तार तेज
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आगे बढ़ते हुए महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के अतिरिक्त इलाकों को कवर कर लिया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के बाकी हिस्सों में भी आगे बढ़ सकता है.
अगले सात दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. विशेष रूप से केरल और कर्नाटक में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 9 जून के लिए केरल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है.
दिल्ली का मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में फिलहाल गर्मी का असर बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार 9 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, लेकिन तेज हवाएं चल सकती हैं.
10 और 11 जून को आंशिक बादल छाने की संभावना है. 11 जून को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ आंधी और हल्की बारिश हो सकती है.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू का असर जारी रहने की संभावना है. पश्चिमी यूपी के मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जैसे जिलों में हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 8, 2026
मुख्य बिंदु
(i) दक्षिण-पश्चिम मानसून आज, 8 जून, 2026 को पश्चिम मध्य और पूर्व मध्य अरब सागर, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के कुछ और हिस्सों तथा तेलंगाना के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।
(ii) अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और… pic.twitter.com/p2r2Vq0QUa
वहीं 10 से 14 जून के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है. 11 और 12 जून को कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
बिहार का मौसम
बिहार के कई जिलों में 9 जून को गरज-चमक और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. सहरसा, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, सिवान और गोपालगंज में मौसम बिगड़ सकता है.
10 से 12 जून के बीच पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर और अन्य जिलों में हल्की से भारी बारिश के आसार हैं. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में फिलहाल गर्मी का असर जारी रहेगा, लेकिन 11 से 14 जून के बीच कई इलाकों में मौसम बदल सकता है. जयपुर, कोटा, भरतपुर, अलवर, दौसा और अजमेर में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है.
जोधपुर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और नागौर में धूलभरी आंधी चलने के आसार हैं.
झारखंड का मौसम
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह और देवघर समेत कई जिलों में 11 से 13 जून के बीच बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है. तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है.
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 जून को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. शिमला, मनाली, मंडी, कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर जैसे क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है.
हालांकि राज्य के कुछ निचले इलाकों में 9 और 10 जून को गर्मी और लू जैसे हालात बने रह सकते हैं.
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है. तेज हवाओं, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: इन 3 राशिवालों को मिलेगा रोमांस का मौका, कैसा रहेगा प्यार का हाल? पढ़ें आज का लव राशिफल