विराट कोहली शानदार रोल मॉडल... VVS लक्ष्मण ने जमकर की दिग्गज बल्लेबाज की तारीफ, जानें क्या कहा

VVS Laxman On Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर तारीफ की है. लक्ष्मण ने कोहली को शानदार प्रोफेशनल और युवाओं के लिए एक बेहतरीन रोल मॉडल बताया.

VVS Laxman responds to questions about injuries cites Virat Kohli as a brilliant example
Image Source: ANI/ File

VVS Laxman On Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की जमकर तारीफ की है. लक्ष्मण ने कोहली को शानदार प्रोफेशनल और युवाओं के लिए एक बेहतरीन रोल मॉडल बताया.

रविवार को बेंगलुरु में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लक्ष्मण ने कहा कि विराट कोहली हमेशा अपने लिए ऊंचे लक्ष्य तय करते हैं और हर मैच में उन्हें हासिल करने की कोशिश करते हैं. यही वजह है कि युवा खिलाड़ी और उनके साथी भी उनसे काफी कुछ सीखते हैं.

विराट कोहली को लेकर क्या बोले लक्ष्मण?

लक्ष्मण ने कहा कि विराट कोहली जिस तरह से खुद के लिए ऊंचे मानक तय करते हैं, वह उन्हें दूसरे खिलाड़ियों से अलग बनाता है. वह जिस भी टीम के लिए खेलते हैं, हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं.

उन्होंने कहा कि कोहली की मेहनत और खेल के प्रति उनका रवैया उन्हें एक शानदार रोल मॉडल बनाता है. कई युवा खिलाड़ी उनके जैसा बनना चाहते हैं और उनसे प्रेरणा लेते हैं.

खिलाड़ियों की चोटों पर भी बोले लक्ष्मण

इस समय भारतीय टीम के कई अहम खिलाड़ी चोट और फिटनेस की समस्या से जूझ रहे हैं. इसे लेकर बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर भी सवाल उठ रहे हैं. लक्ष्मण ने इन आलोचनाओं का बचाव करते हुए कहा कि चोटें किसी भी खिलाड़ी के करियर का हिस्सा होती हैं. ऐसे में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है. उनकी प्राथमिकता खिलाड़ियों की सही तरीके से निगरानी और उनकी फिटनेस का बेहतर प्रबंधन होना चाहिए.

जसप्रीत बुमराह, साई सुदर्शन, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर जैसे कई खिलाड़ी इस समय फिटनेस से जुड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं. लक्ष्मण ने साफ किया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का काम केवल चोटिल खिलाड़ियों को ठीक करना नहीं है. इसका मकसद खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करना भी है.

सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खाली पद पर भी दी जानकारी

लक्ष्मण ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेल विज्ञान और चिकित्सा विभाग के प्रमुख के खाली पद को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि बीसीसीआई इस पद के लिए सही व्यक्ति की तलाश कर रहा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि इस पद के लिए सिर्फ अनुभव और बड़ी पहचान होना काफी नहीं है. 

उम्मीदवार को भारतीय क्रिकेटरों की जरूरतों और उनकी फिटनेस से जुड़ी चुनौतियों की अच्छी समझ भी होनी चाहिए. लक्ष्मण के मुताबिक, पूर्व अधिकारी नितिन पटेल के जाने के बाद उनकी जगह नए व्यक्ति की नियुक्ति नहीं हो सकी. उन्होंने बताया कि एंड्रयू लीपस के साथ सब कुछ लगभग तय हो गया था, लेकिन पारिवारिक कारणों से उन्होंने बाद में इस जिम्मेदारी से पीछे हटने का फैसला किया.

ये भी पढ़ें- 44 चौके, 8 छक्के और 150 रन... साई सुदर्शन की जगह सरफराज की होगी वापसी? जानें पूरी जानकारी