Vivo ने अपनी V-सीरीज में एक नया 5G स्मार्टफोन पेश किया है, जो खास तौर पर बड़ी बैटरी और दमदार डिस्प्ले के चलते चर्चा में है. कंपनी ने Vivo V80 Lite 5G को मलेशिया में लॉन्च किया है. फोन में 10,000mAh की BlueVolt बैटरी, 50 मेगापिक्सल का Sony कैमरा और MediaTek का प्रोसेसर दिया गया है. खास बात यह है कि यह फोन भारत में हाल ही में लॉन्च हुए Vivo S2 का रिब्रांडेड वर्जन बताया जा रहा है.
10,000mAh बैटरी के साथ बड़ा AMOLED डिस्प्ले
Vivo V80 Lite 5G में 6.83 इंच का AMOLED डिस्प्ले मिलता है, जो 1.5K रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है. स्क्रीन की पिक्सल डेनसिटी 449ppi और पीक ब्राइटनेस 2,000 निट्स है. इसमें P3 वाइड कलर गैमट, HDR10 और 1.07 बिलियन कलर्स का सपोर्ट भी दिया गया है. फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 10,000mAh BlueVolt बैटरी है, जो सिलिकन कार्बन टेक्नोलॉजी पर आधारित है और 44W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है. कंपनी का दावा है कि 1,400 फुल चार्ज साइकल के बाद भी बैटरी की क्षमता 80 प्रतिशत तक बनी रहती है.
32 घंटे से ज्यादा स्ट्रीमिंग का कंपनी का दावा
Vivo का कहना है कि V80 Lite 5G ने सिंगल चार्ज में 32 घंटे 37 मिनट की लाइव स्ट्रीमिंग का बैकअप देकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. फोटोग्राफी के लिए फोन के रियर में 50 मेगापिक्सल का Sony IMX852 प्राइमरी सेंसर और 2 मेगापिक्सल का बुके सेंसर दिया गया है. वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है, जो 90 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू सपोर्ट करता है. कैमरा सेटअप में AI Erase और Check-In वॉटरमार्क जैसे फीचर्स भी शामिल हैं.
Dimensity 7300e और IP69 रेटिंग से लैस
परफॉर्मेंस के लिए Vivo V80 Lite 5G में MediaTek Dimensity 7300e चिपसेट दिया गया है. फोन में 8GB तक रैम और 256GB तक स्टोरेज का विकल्प मिलता है. यह Android 16 पर आधारित OriginOS 6 पर चलता है और Origin Island, Drag & Go, Office Kit, Google Gemini और AI Captions जैसे फीचर्स के साथ आता है. कनेक्टिविटी के लिए 5G, Wi-Fi, Bluetooth 5.4, USB Type-C, GPS और NFC दिया गया है. फोन को IP68 और IP69 रेटिंग के साथ MIL-STD ड्यूरेबिलिटी भी मिली है.
तीन वेरिएंट में आया Vivo V80 Lite 5G
मलेशिया में Vivo V80 Lite 5G को 6GB 128GB, 6GB 256GB और 8GB 256GB स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया गया है. फोन Emerald Green, Afterglow Pink और Dawn Black कलर ऑप्शन में उपलब्ध होगा. हालांकि, कंपनी ने फिलहाल मलेशियाई बाजार में फोन की कीमत का ऐलान नहीं किया है. भारत में इसके लॉन्च को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें: मार्केट में आ गया Redmi का धांसू 5G फोन; 7,900 mAh बैटरी फूंकती है जान, जानें फीचर्स और कीमत