सोशल मीडिया पर बदतमीजी से परेशान हुईं ट्रेविस हेड की वाइफ, विराट कोहली के फैंस को लगाई फटकार

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले के बाद एक नया विवाद सामने आ गया है.

Virat Kohli Travis Head Clash Wife Jessica Abused By Fans After Ipl 2026
Image Source: Social Media

Virat Kohli Travis Head Clash: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले के बाद एक नया विवाद सामने आ गया है. मैच के दौरान विराट कोहली और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर तीखी बहस देखने को मिली थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर माहौल और ज्यादा गर्म हो गया.

बताया जा रहा है कि मैच खत्म होने के बाद ट्रेविस हेड और उनकी पत्नी जेसिका को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र संदेशों का सामना करना पड़ा. जेसिका ने खुद इस बात का खुलासा करते हुए नाराजगी जाहिर की है.

मैदान पर विराट और हेड के बीच हुई बहस

शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बल्लेबाजी के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच कुछ कहासुनी होती दिखाई दी थी. हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

मैच खत्म होने के बाद भी मामला चर्चा में बना रहा. फैंस का ध्यान उस वक्त और ज्यादा गया जब खिलाड़ियों के हैंडशेक के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच सामान्य बातचीत नजर नहीं आई.

ट्रेविस हेड के परिवार को भी बनाया गया निशाना

इस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया पर ट्रेविस हेड और उनकी पत्नी जेसिका को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं. जेसिका ने बताया कि उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके दोस्तों और परिवार के लोगों को भी निजी संदेशों के जरिए परेशान किया गया.

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिस तरह के संदेश भेजे गए, वे बेहद शर्मनाक थे. जेसिका के मुताबिक सुबह उठते ही उन्होंने देखा कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर भारी संख्या में नफरत भरे कमेंट और मैसेज आ चुके थे.

‘पहले भी झेल चुकी हूं ऐसा व्यवहार’

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया से बातचीत के दौरान जेसिका ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब उन्हें इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा हो. उन्होंने बताया कि 2023 विश्व कप फाइनल, विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल और बॉक्सिंग डे टेस्ट के दौरान भी उन्हें सोशल मीडिया पर इसी तरह के व्यवहार का सामना करना पड़ा था.

जेसिका ने कहा कि उस समय भी काफी नफरत भरे संदेश आए थे और अब आईपीएल के दौरान फिर वैसा ही माहौल देखने को मिल रहा है.

खेल में जुनून जरूरी, लेकिन मर्यादा भी अहम

ट्रेविस हेड की पत्नी ने कहा कि खेल में जुनून होना अच्छी बात है, लेकिन खिलाड़ियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान बनाए रखना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी भी इंसान होते हैं और उनके परिवारों की भावनाएं भी होती हैं.

जेसिका के मुताबिक खेल की दुनिया में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लगातार चर्चा हो रही है और ऐसे समय में लोगों को सोशल मीडिया पर संयम बरतने की जरूरत है. उन्होंने उम्मीद जताई कि खेल को लेकर प्रतिस्पर्धा और उत्साह बना रहे, लेकिन इसके साथ दयालुता और सम्मान भी होना चाहिए.

ये भी पढ़ें- तुम सबको चप्पल मारने का टाइम आ गया... युवराज सिंह ने इन 3 खिलाड़ियों को लगाई फटकार! जानें पूरा मामला