साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब विराट कोहली ने क्रिकेट के बाहर भी एक बड़ा कदम उठा लिया है. खबर है कि कोहली अपनी मशहूर लाइफस्टाइल कंपनी One8 को बेचने की योजना बना रहे हैं. यह फैसला उनके बिजनेस पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि इसके साथ ही वह उसी कंपनी में एक बड़ा निवेश भी करेंगे.
One8 की लोकप्रियता सिर्फ रेस्तरां तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक तेजी से बढ़ता लाइफस्टाइल लेबल बन चुका है. अनुमान है कि इस ब्रांड की कीमत करीब 112 करोड़ रुपये है. विराट कोहली के बचपन के दोस्त वर्तिक तिहारा और बड़े भाई विकास कोहली इसे संचालित करते हैं. अब यह कंपनी एजिलिटास द्वारा अधिग्रहित की जाने वाली है, जिसने इससे पहले मोचिको शूज को खरीदकर स्पोर्ट्स फुटवियर और प्रोडक्शन क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत की थी.
एजिलिटास के साथ विराट की नई साझेदारी
One8 को बेचने के साथ ही विराट कोहली एजिलिटास में 40 करोड़ रुपये का निवेश भी करेंगे. यह कंपनी एडिडास, प्यूमा, न्यू बैलेंस, स्केचर्स, क्रॉक्स और रीबॉक जैसे बड़े ग्लोबल ब्रांड्स के लिए फुटवियर बनाने वाली मोचिको शूज की मालिक है. ऐसे में विराट का यह कदम इंटरनेशनल बिजनेस चेन से सीधे जुड़ने जैसा माना जा रहा है, जो आगे चलकर उनकी कारोबारी पहचान को और मजबूत करेगा.
क्रिकेट के साथ-साथ बिजनेस में भी शिखर पर विराट
विराट कोहली को सिर्फ मैदान का सुपरस्टार कहना अब पुराना हो चुका है. वे आज भारत के सबसे सफल स्पोर्ट्स उद्यमियों में से एक हैं. उनकी कुल नेटवर्थ 1000 करोड़ रुपये से ऊपर बताई जाती है और इसमें बड़ा योगदान उनके ब्रांड इन्वेस्टमेंट्स और कंपनियों की हिस्सेदारी का है. उन्होंने फैशन, फूड, फिटनेस, टेक और स्पोर्ट्स सहित कई क्षेत्रों में सफल बिजनेस उपक्रम शुरू किए हैं. One8, Wrogn, Nueva और चिज़ल फिटनेस उनके महत्वपूर्ण उद्यमों में शामिल हैं, वहीं वे FC गोवा, UAE रॉयल्स और बेंगलुरु योद्धा जैसी टीमों के भी सह-मालिक हैं. इंश्योरेंस कंपनी गो डिजिट में भी उनकी अहम हिस्सेदारी है.
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका, ये बड़ा रिकॉर्ड चकनाचूर कर बन सकते हैं नंबर-1 प्लेयर