Vinesh Phogat Asian Games 2026: भारतीय महिला कुश्ती की अनुभवी खिलाड़ी विनेश फोगाट का एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने का सपना फिलहाल टूट गया है. नई दिल्ली में आयोजित चयन ट्रायल्स के दौरान 53 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें मीनाक्षी गोयत के खिलाफ 6-4 से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के साथ ही उनका ट्रायल अभियान समाप्त हो गया.
शुरुआती मुकाबलों में दिखाया दमदार प्रदर्शन
31 वर्षीय विनेश ने प्रतियोगिता की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी. पहले मुकाबले में उन्होंने ज्योति को 7-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई. इसके बाद उन्होंने निशु के खिलाफ बेहद कड़ा मुकाबला खेला और निर्धारित मानदंडों के आधार पर जीत हासिल की.
इन लगातार जीतों के बाद उनसे फाइनल तक पहुंचने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत ने उन्हें कड़ी चुनौती दी और मुकाबला अपने नाम कर लिया.
#UPDATE | Delhi: Vinesh Phogat lost her third bout against Meenakshi from Haryana by 4-6 pic.twitter.com/PjOMuC7hU6
— ANI (@ANI) May 30, 2026
मीनाक्षी ने फिर साबित की अपनी ताकत
मीनाक्षी गोयत हाल के दिनों में शानदार फॉर्म में नजर आई हैं. इससे पहले उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप के चयन ट्रायल्स में भी अंतिम पंघाल जैसी मजबूत पहलवान को मात देकर अपनी क्षमता का परिचय दिया था. विनेश के खिलाफ जीत ने उनके प्रदर्शन को और मजबूत किया है.
विनेश का अभियान यहीं थमा
दो बार विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी विनेश फोगाट के लिए यह ट्रायल बेहद अहम माना जा रहा था. हालांकि शुरुआती दौर में प्रभावशाली प्रदर्शन के बावजूद वह अंतिम चरण तक नहीं पहुंच सकीं और एशियन गेम्स 2026 के लिए उनकी राह मुश्किल हो गई. अब भारतीय महिला कुश्ती में आगे की चयन प्रक्रिया और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.
ये भी पढ़ें- हैंड ग्रेनेड से लेकर रोबोटिक व्हेकिल तक... दिल्ली से गिरफ्तार आंतकियों के पास से मिले खतरनाक हथियार, VIDEO