सड़कों पर नमाज की इजाजत नहीं... सीएम धामी का सख्त बयान, चारधाम यात्रियों को लेकर कही ये बात

CM Dhami On Namaz: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि धार्मिक गतिविधियां तय स्थानों पर ही होनी चाहिए और किसी को भी सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

uttarakhand Namaz is not allowed on the roads CM Dhami strict statement Chardham pilgrims
Image Source: Social Media

CM Dhami On Namaz: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़कों पर नमाज पढ़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने साफ कहा कि धार्मिक गतिविधियां तय स्थानों पर ही होनी चाहिए और किसी को भी सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब इस मुद्दे पर देशभर में राजनीतिक बहस तेज है.

सीएम धामी ने कहा कि एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति देने की बात कही थी, लेकिन राज्य सरकार का स्पष्ट मानना है कि किसी भी धार्मिक आयोजन को निर्धारित स्थान पर ही किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सड़कें आम लोगों की सुविधा और यातायात के लिए होती हैं, उन्हें धार्मिक प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाया जा सकता.

चारधाम यात्रा को लेकर सरकार सतर्क

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय उत्तराखंड में चारधाम यात्रा चल रही है और लाखों श्रद्धालु राज्य में पहुंच रहे हैं. ऐसे में सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

उन्होंने कहा कि राज्य में आने वाले सनातनी श्रद्धालुओं और चारधाम यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है. इसी वजह से प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सार्वजनिक व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

वोट बैंक की राजनीति पर भी साधा निशाना

सीएम धामी ने बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग हर मुद्दे को केवल वोट बैंक की राजनीति के नजरिए से देखते हैं. उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक व्यवस्थाओं को राजनीति से ऊपर उठकर देखना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य सरकार किसी को भी देवभूमि की शांति, संस्कृति और अनुशासन के साथ छेड़छाड़ करने की अनुमति नहीं देगी. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी धार्मिक आस्था, परंपरा और शांतिपूर्ण वातावरण से है और इसे बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

ये भी पढ़ें- प्रदेश में माफिया मिट्टी में मिल गए... देवरिया में बोले सीएम योगी, सपा और कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना