CM Yogi Latest Speech: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में एक कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. अपने भाषण में उन्होंने कानून व्यवस्था, धार्मिक स्थलों के विकास और अयोध्या में बने राम मंदिर को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. साथ ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला.
‘अब बदल चुकी है यूपी की पहचान’
सीएम योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश की पहचान अपराध, दंगे और माफियाओं से होती थी, लेकिन अब प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल गई है. उन्होंने कहा कि आज यूपी को भगवान राम, भगवान कृष्ण और बाबा विश्वनाथ की धरती के रूप में देश-दुनिया में जाना जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय ऐसा था जब दूसरे राज्यों में लोग यूपी का नाम बताने में झिझक महसूस करते थे. बाहर जाने पर डर रहता था कि लोग गलत नजर से न देखें. लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है और यूपी का नाम सुनते ही लोगों के चेहरे पर सम्मान दिखाई देता है.
प्रभु श्री राम के नाम से ही सपा और कांग्रेस को परहेज था,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 22, 2026
आज श्री अयोध्या धाम में भगवान श्री राम का दुनिया का सबसे बड़ा मंदिर बन गया है,
यह आपके वोट की ताकत है... pic.twitter.com/s6X1ox5NaL
‘माफिया मिट्टी में मिल गए’
अपने भाषण के दौरान सीएम योगी का अंदाज काफी आक्रामक नजर आया. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कानून व्यवस्था पर सख्ती से काम किया है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में माफिया मिट्टी में मिल गए हैं और गुंडे पलायन कर चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि जिसने जनता को डराने या आंख दिखाने की कोशिश की, वह अपने अंजाम तक पहुंच गया.
माफिया मिट्टी में मिल गए, गुंडे पलायन कर गए,
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 22, 2026
और जिसने जनता-जनार्दन को आंख दिखाने का प्रयास किया, वह यमराज के घर सिधार गए... pic.twitter.com/SksOWYLHYx
विपक्ष पर साधा निशाना
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों को हमेशा राम नाम से परेशानी रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले राम भक्तों पर लाठियां चलाई जाती थीं और धार्मिक आयोजनों को रोका जाता था.
उन्होंने देवरिया के लार क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि पहले दुर्गा पूजा के जुलूसों पर भी लाठीचार्ज किया जाता था. मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय त्योहारों और धार्मिक कार्यक्रमों को राजनीति के नजरिए से देखा जाता था, लेकिन अब हर धर्म और परंपरा को सम्मान दिया जा रहा है.
अयोध्या में बना भव्य राम मंदिर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के सहयोग और डबल इंजन सरकार की वजह से अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन पाया है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मंदिर निर्माण नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान है. सीएम योगी ने दावा किया कि अब देश और विदेश से बड़ी संख्या में लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं और राम मंदिर को देखकर गर्व महसूस कर रहे हैं.
धार्मिक स्थलों का तेजी से विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी में सिर्फ अयोध्या ही नहीं, बल्कि काशी, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज और कुशीनगर जैसे धार्मिक स्थलों का भी तेजी से विकास किया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चल रही है. पहले धार्मिक स्थलों की अनदेखी होती थी, लेकिन अब वहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं.
‘देशभर में लोग कहते हैं- योगी जी जय श्री राम’
सीएम योगी ने अपने भाषण में एक अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह देश के अलग-अलग राज्यों में जाते हैं तो लोग खुद उन्हें देखकर ‘योगी जी जय श्री राम’ कहकर अभिवादन करते हैं. उन्होंने महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, केरल और अरुणाचल प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश और भगवान राम की नई पहचान पूरे देश में बन चुकी है.
विपक्ष पर तुष्टिकरण का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में योजनाओं का लाभ चेहरा देखकर दिया जाता था और विकास कुछ परिवारों तक सीमित था.
योगी ने कहा कि पहले सरकारें सिर्फ अपना परिवार भरने में लगी रहती थीं, जबकि गरीब, किसान, नौजवान और महिलाएं योजनाओं से दूर रह जाती थीं. लेकिन अब बिना भेदभाव के सभी के लिए काम किया जा रहा है.
कानून व्यवस्था से बढ़ा निवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में अपराधियों में कानून का डर दिखाई देता है. उन्होंने दावा किया कि बेहतर कानून व्यवस्था की वजह से यूपी में निवेश तेजी से बढ़ रहा है. सीएम योगी ने कहा कि जब राज्य में सुरक्षा और भरोसे का माहौल बनता है, तभी विकास भी तेजी से आगे बढ़ता है.
ये भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत; तीन घायल