Utpanna Ekadashi 2026: कब है उत्पन्ना एकादशी? नोट कर लें पूजा मुहूर्त, पारण समय और व्रत कथा

Utpanna Ekadashi 2026: हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है. यह दिन भगवान विष्णु की पूजा और आराधना के लिए समर्पित माना जाता है. इस दिन भक्त व्रत रखते हैं और विधि-विधान से श्रीहरि की पूजा करते हैं. मान्यता है कि एकादशी का व्रत करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं.

utpanna-ekadashi-2026-date-puja-muhurat-paran-time-vrat-katha
Image Source: Internet

Utpanna Ekadashi 2026: हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है. यह दिन भगवान विष्णु की पूजा और आराधना के लिए समर्पित माना जाता है. इस दिन भक्त व्रत रखते हैं और विधि-विधान से श्रीहरि की पूजा करते हैं. मान्यता है कि एकादशी का व्रत करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं. हर महीने दो एकादशी आती हैं, जिनमें एक कृष्ण पक्ष और दूसरी शुक्ल पक्ष में पड़ती है.

मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की एकादशी को उत्पन्ना एकादशी कहा जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन एकादशी माता का प्राकट्य हुआ था. यही वजह है कि जो लोग पहली बार एकादशी का व्रत शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए यह तिथि विशेष मानी जाती है. आइए जानते हैं साल 2026 में उत्पन्ना एकादशी कब मनाई जाएगी, पूजा के शुभ मुहूर्त क्या हैं, व्रत का पारण कब होगा और इससे जुड़ी पौराणिक कथा क्या है.

उत्पन्ना एकादशी 2026 कब है? 

पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि 3 दिसंबर 2026 को रात 11 बजकर 3 मिनट पर शुरू होगी. इस तिथि का समापन 4 दिसंबर 2026 को रात 11 बजकर 44 मिनट पर होगा. उदया तिथि के अनुसार, उत्पन्ना एकादशी का व्रत 4 दिसंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा.

उत्पन्ना एकादशी 2026 पारण का समय

एकादशी व्रत का पारण द्वादशी तिथि में किया जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, अगले दिन सुबह भगवान विष्णु की पूजा करने के बाद व्रत खोला जाता है. इस साल उत्पन्ना एकादशी का पारण 5 दिसंबर 2026, शनिवार को किया जाएगा. पारण का शुभ समय सुबह 6 बजकर 59 मिनट से 9 बजकर 4 मिनट तक रहेगा. वहीं, द्वादशी तिथि का समापन 5 दिसंबर की रात 12 बजकर 51 मिनट पर होगा.

उत्पन्ना एकादशी 2026 पूजा के शुभ मुहूर्त

उत्पन्ना एकादशी पर पूजा-पाठ और धार्मिक कार्यों के लिए कई शुभ मुहूर्त बताए गए हैं. पंचांग के अनुसार, इनका समय इस प्रकार है:

ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:10 से 6:04 बजे तक
प्रातः संध्या: सुबह 5:37 से 6:59 बजे तक
अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:50 से दोपहर 12:32 बजे तक
विजय मुहूर्त: दोपहर 1:55 से 2:37 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:21 से 5:49 बजे तक
सायाह्न संध्या: शाम 5:24 से 6:45 बजे तक

उत्पन्ना एकादशी की पौराणिक कथा 

पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन समय में मुर नाम का एक शक्तिशाली राक्षस था. उसने अपने अत्याचारों से देवताओं और ऋषि-मुनियों को परेशान कर रखा था. एक बार उसने भगवान विष्णु पर भी हमला करने की कोशिश की. राक्षस के साथ लंबे समय तक युद्ध करने के बाद भगवान विष्णु कुछ समय के लिए विश्राम करने लगे. इसी दौरान मुर ने उन पर वार करने की योजना बनाई. तभी भगवान विष्णु के शरीर से एक दिव्य शक्ति प्रकट हुई. इस देवी ने मुर राक्षस को युद्ध में पराजित कर उसका अंत कर दिया. कुछ समय बाद जब भगवान विष्णु की नींद खुली, तो उन्होंने देवी के पराक्रम को देखकर प्रसन्नता जताई और उनसे वरदान मांगने को कहा.

तब देवी ने भगवान विष्णु से भक्तों के कल्याण का वर मांगा. इस पर श्रीहरि ने कहा कि मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि को उनका प्राकट्य हुआ है, इसलिए उनका नाम 'एकादशी' होगा. भगवान विष्णु ने यह वरदान भी दिया कि इस तिथि पर जो भक्त श्रद्धा के साथ व्रत रखकर उनकी पूजा करेगा, उसे पुण्य फल प्राप्त होगा. मान्यता है कि तभी से इस तिथि को उत्पन्ना एकादशी के नाम से जाना जाने लगा. इस दिन भगवान विष्णु के साथ एकादशी माता की पूजा करने का भी विधान है.

यह भी पढ़ें: 11 दिसंबर से बदलेगी शनि की चाल, इन 4 राशियों के शुरू हो सकते हैं अच्छे दिन!