UPSC Result: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है. उनके बाद दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर आकांश धुल रहे. इस परीक्षा के माध्यम से देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवाओं में चयन के लिए कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है.
इस वर्ष की सिविल सेवा परीक्षा में कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने शीर्ष स्थान प्राप्त किए हैं. टॉप 10 सफल उम्मीदवारों की सूची में अनुज अग्निहोत्री, राजेश्वरी सुवे एम और आकांश धुल के अलावा राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक जैसे नाम शामिल हैं. इन सभी ने अपनी मेहनत और समर्पण के दम पर इस कठिन परीक्षा में सफलता हासिल की है.
कब हुई थी परीक्षा?
सिविल सेवा परीक्षा 2025 की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी हुई. प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 25 मई 2025 को किया गया था. इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच आयोजित हुई. मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अंतिम चरण यानी पर्सनैलिटी टेस्ट या इंटरव्यू के लिए बुलाया गया.
पर्सनैलिटी टेस्ट की प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू हुई थी और 27 फरवरी 2026 तक चली. मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले कुल 2,736 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था. सभी चरण पूरे होने के बाद अब अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है.
कितने उम्मीदवार बनेंगे IAS, IPS और IFS?
यूपीएससी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस साल कुल 958 पदों पर चयन किया गया है. इनमें से 180 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चुना गया है. इसके अलावा 150 उम्मीदवार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में जाएंगे, जबकि 55 अभ्यर्थियों का चयन भारतीय विदेश सेवा (IFS) के लिए किया गया है.
IAS के लिए निर्धारित 180 पदों में से 74 पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं. इसके अलावा 28 पद अनुसूचित जाति (SC), 13 पद अनुसूचित जनजाति (ST), 47 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 18 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं.
जल्द जारी होंगे उम्मीदवारों के अंक
यूपीएससी ने जानकारी दी है कि अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद सफल और असफल सभी उम्मीदवारों के अंक जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे. आयोग आमतौर पर परिणाम जारी होने के लगभग 15 दिनों के भीतर उम्मीदवारों के मार्क्स वेबसाइट पर अपलोड कर देता है.
ये भी पढ़ें- इस राज्य में बच्चों के लिए बैन होगा सोशल मीडिया! 16 साल से कम उम्र में नहीं कर पाएंगे यूज, जानें वजह