यूपी के युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेगी योगी सरकार, 1,725 करोड़ की योजना का होगा शुभारंभ

यूपी में कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से 1,725 करोड़ रुपये की सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना शुरू की जाएगी.

up-yogi-government-launches-1725-crore-skill-employment-development-scheme
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें बाजार की जरूरत के मुताबिक हुनरमंद बनाने के लिए योगी सरकार नई पहल करने जा रही है. यूपी में कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से 1,725 करोड़ रुपये की सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना शुरू की जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, 31 अक्टूबर को लखनऊ के लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करेंगे. यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर होगा.

पहले चरण में इन पांच जिलों को मिलेगी सौगात

योजना के पहले चरण में उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे. इनमें लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, झांसी और गौतम बुद्ध नगर को शामिल किया गया है. मुख्यमंत्री इन पांचों केंद्रों का शिलान्यास करेंगे. इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को उद्योगों और कंपनियों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें रोजगार हासिल करने में आसानी हो.

योजना के लिए लॉन्च होगा विशेष पोर्टल

योजना की शुरुआत के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे जुड़े विशेष पोर्टल का भी लोकार्पण करेंगे. इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए योजना से संबंधित गतिविधियों और कौशल विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान रोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न समझौता ज्ञापनों (MoU) का भी आदान-प्रदान किया जाएगा. सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर उन्हें नौकरी और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है.

प्रशिक्षित युवाओं को मिलेंगे जॉब और प्लेसमेंट लेटर

कार्यक्रम में उन युवाओं के लिए भी खास व्यवस्था की गई है, जिन्होंने एमएसएमई विभाग और यूपीएसआईसी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को पूरा किया है. ऐसे युवाओं को मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों की मौजूदगी में जॉब ऑफर लेटर और प्लेसमेंट लेटर वितरित किए जाएंगे. इससे प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उन्हें अपने करियर की शुरुआत करने में सहायता मिलेगी.

स्वरोजगार शुरू करने वालों को मिलेगी आर्थिक मदद

सरकार का फोकस केवल नौकरी दिलाने पर ही नहीं, बल्कि युवाओं और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने पर भी है. इसी कड़ी में एमएसएमई विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को टूलकिट और वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य युवाओं को अपना काम शुरू करने और छोटे उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना है.

कार्यक्रम में शामिल होंगे दोनों डिप्टी सीएम

लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. 1,725 करोड़ रुपये की इस योजना के जरिए सरकार कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार को एक ही मंच पर जोड़ने की तैयारी कर रही है. आने वाले समय में इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण देकर उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने और प्रदेश में रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर जोर दिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: UP को मिली पहली स्लीपर वंदे भारत, वाराणसी से दिल्ली तक का सफर होगा आसान, CM योगी-वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी