UP First Sleeper Vande Bharat: उत्तर प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए शनिवार का दिन खास होने जा रहा है. बनारस रेलवे स्टेशन से देश की दूसरी और यूपी की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इस ट्रेन को रवाना करेंगे. 16 कोच और 823 सीटों वाली यह ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलेगी. इसके शुरू होने से यात्रियों को लंबी दूरी का सफर आरामदायक बनाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा. उद्घाटन के साथ ही वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों को तीन नई रेल सेवाओं की सौगात भी मिलेगी.
शाम 4:30 बजे बनारस स्टेशन से रवाना होगी स्लीपर वंदे भारत
वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलने वाली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को शनिवार शाम 4 बजकर 30 मिनट पर बनारस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 8 से रवाना किया जाएगा. उद्घाटन के बाद यह ट्रेन आधी रात के बाद करीब 2 बजे दिल्ली पहुंचेगी. पहले दिन ट्रेन में रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन और कुछ स्कूली छात्र सफर करेंगे. ये यात्री प्रयागराज और कानपुर तक की यात्रा करेंगे. इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नई दिल्ली, लखनऊ और गोरखपुर समेत कई जगहों से रेलवे के अधिकारी बनारस पहुंच चुके हैं. स्टेशन पर उद्घाटन समारोह के लिए मंच तैयार किया गया है. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों सहित 200 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है.
16 कोच और 823 सीटों से लैस होगी ट्रेन
स्लीपर वंदे भारत में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें यात्रियों के लिए तीन तरह की श्रेणियां उपलब्ध रहेंगी. ट्रेन में 11 थर्ड एसी, 4 सेकेंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच होगा. इस तरह इसमें कुल 823 यात्रियों के सफर करने की व्यवस्था रहेगी. यह ट्रेन वाराणसी से चलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी. ट्रेन का नंबर 27421/27422 बताया गया है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, बनारस से इसका संचालन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के अन्य दिनों में प्रस्तावित है.
आम यात्रियों के लिए कब से शुरू होगी सेवा?
उद्घाटन के बाद आम यात्रियों के लिए स्लीपर वंदे भारत का नियमित संचालन कब से शुरू होगा, इस बारे में रेलवे की ओर से अभी आधिकारिक तारीख साझा नहीं की गई है. हालांकि, माना जा रहा है कि दीपावली से पहले इसका संचालन शुरू हो सकता है. ऐसा होने पर त्योहार के दौरान वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिल सकती है.
वाराणसी को दो नई MEMU ट्रेनों की भी मिलेगी सौगात
स्लीपर वंदे भारत के अलावा शनिवार को वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के लिए दो MEMU ट्रेन सेवाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा. इनमें बनारस से प्रयागराज रामबाग के बीच फास्ट MEMU ट्रेन और वाराणसी कैंट से राजातालाब के बीच चलने वाली MEMU सेवा शामिल है. इन ट्रेनों को भी रेल मंत्री और मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. कैंट से राजातालाब के बीच चलने वाली ट्रेन रोजाना संचालित की जाएगी. उद्घाटन के दिन इस ट्रेन में 200 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं को सफर करने का मौका मिलेगा. ट्रेन वाराणसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 से रवाना होगी. इसके अलावा बनारस-प्रयागराज रामबाग और प्रयागराज रामबाग-औड़िहार रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम है.
गुजरात से वाराणसी पहुंचेगी साबरमती एक्सप्रेस
वाराणसी को एक और रेल सेवा की सौगात मिली है. वाराणसी से साबरमती के बीच चलने वाली नई ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था. तीन राज्यों गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाली यह ट्रेन शनिवार को वाराणसी पहुंचेगी. इस ट्रेन के नियमित संचालन से गुजरात जाने वाले व्यापारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है. निर्धारित समय के अनुसार, वाराणसी से ट्रेन शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी. वापसी में यह साबरमती से सुबह 5:20 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी.
ये भी पढ़ें- '2017 की रिकॉर्ड जीत याद दिलाने आया हूं...', अमित शाह ने भरी चुनावी हुंकार, UCC पर किया बड़ा ऐलान