उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में तैनात कर्मचारियों के लिए भत्तों को लेकर अहम घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फील्ड ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के मोटरसाइकिल और वर्दी भत्ते में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. इस फैसले के तहत उपनिरीक्षक और निरीक्षक स्तर के पुलिसकर्मियों को मिलने वाला मोटरसाइकिल भत्ता अब 700 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा. वहीं, फील्ड ड्यूटी में तैनात आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों के भत्ते में भी इजाफा किया गया है.
मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, पीपीएस संवर्ग के अधिकारियों का वर्दी भत्ता 6,400 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये किया जाएगा. इसके अलावा, फील्ड ड्यूटी पर तैनात आरक्षियों और मुख्य आरक्षियों का भत्ता 2,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये प्रतिमाह करने का ऐलान किया गया है. इन घोषणाओं का उद्देश्य संबंधित पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से जुड़े खर्चों के लिए बढ़ी हुई आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. हालांकि, बढ़े हुए भत्ते किस तारीख से लागू होंगे, इसकी जानकारी अलग से जारी होने वाले आधिकारिक आदेश से स्पष्ट होगी.
पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें चुकाया नही जा सकता, शहीदों के प्रति राष्ट्र का ऋण भी ऐसा ही है. योगी ने कहा कि आज हम उन वीर पुलिस जवानों को नमन कर रहे हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा, समाज की शांति,नागरिकों की रक्षा करते हुए, अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके बलिदान को स्मरण करते हुए मन श्रद्धा व सम्मान से भर उठता है. उनके साहस पर मस्तक गर्व से ऊंचा होता है और उनके प्रति कृतज्ञता हमे अपने दायित्वों का बोध भी कराती है. सीएम योगी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की महानता, इस बात पर निर्भर करती है कि वह अपने इतिहास और मूल्यों और उन लोगो के योगदान को कितना सम्मान देती है, जिनके त्याग से उनका वर्तमान सुरक्षित और भविष्य संभव हुआ है.
"हमने पुलिस के हाथों की राजनीतिक बेड़ी को तोड़कर फेंका"
सीएम योगी ने कहा कि हमने 2017 में आते ही, पुलिस के हाथों की राजनीतिक बेड़ी को तोड़कर फेंका. हमने उस समय उत्तर प्रदेश पुलिस से एक ही बात कही कि गरीब, पीड़ित, व्यापारी, बहन,बेटी के सम्मान की सुरक्षा करें, लेकिन समाज में आतंक फैलाने वाले किसी अपराधी, माफिया,दंगाई के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस की नीति रहनी चाहिए.
ये भी पढ़ें: UP में दुर्गा विसर्जन के दौरान तीन जिलों में हादसे, नदी में डूबने से 6 की मौत; गोंडा में 2 लापता