यूक्रेन में 'पोर्न' पर लगेगा टैक्स, एडल्ट कंटेंट से जंग के लिए पैसा जुटाएंगे जेलेंस्की, संसद पहुंचा बिल

रूस के साथ लंबे समय से चल रहे युद्ध के बीच यूक्रेन सरकार कमाई बढ़ाने के नए विकल्प तलाश रही है. इसी कड़ी में देश में एडल्ट कंटेंट के कारोबार को कानूनी दायरे में लाने और उस पर टैक्स लगाने का प्रस्ताव चर्चा में है.

Ukraine to tax porn raise funds to combat adult content Drone Procurement
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

रूस के साथ लंबे समय से चल रहे युद्ध के बीच यूक्रेन सरकार कमाई बढ़ाने के नए विकल्प तलाश रही है. इसी कड़ी में देश में एडल्ट कंटेंट के कारोबार को कानूनी दायरे में लाने और उस पर टैक्स लगाने का प्रस्ताव चर्चा में है. रिपोर्ट के मुताबिक, इससे सरकार को हर साल करीब 2.5 करोड़ डॉलर यानी लगभग 236 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई हो सकती है. एक यूक्रेनी सांसद का कहना है कि इस रकम से करीब 30 हजार ड्रोन खरीदे जा सकते हैं.

कारोबार को कानूनी बनाने की कोशिश

यूक्रेन में पोर्नोग्राफी से जुड़ी गतिविधियां अभी पूरी तरह कानूनी नहीं हैं. ऐसे में इस कारोबार से जुड़े लोगों के लिए अपनी कमाई सरकार को बताना और उस पर टैक्स देना मुश्किल होता है. नए प्रस्ताव का मकसद इस कारोबार को नियमों के तहत लाना है.

इसके समर्थकों का कहना है कि इससे सरकार को टैक्स मिलेगा और भ्रष्टाचार पर भी रोक लग सकती है. अभी कानूनी कार्रवाई के डर से कारोबार का एक हिस्सा छिपकर चलता है. कई बार इससे जुड़े लोगों और अधिकारियों के बीच रिश्वत के आरोप भी सामने आते हैं.

संसद में पहली मंजूरी मिल चुकी

यूक्रेन की संसद जुलाई में इस बिल को पहली बार मंजूरी दे चुकी है. पहली वोटिंग में 231 सांसदों ने इसके समर्थन में मतदान किया, जबकि 8 सांसद इसके खिलाफ रहे. तीन सांसदों ने वोट नहीं दिया. अब बिल को दूसरी बार संसद में पेश किया जाना है.

प्रस्ताव के समर्थकों का तर्क है कि पुलिस को वयस्कों के एडल्ट कंटेंट से जुड़े मामलों में उलझने के बजाय बच्चों के यौन शोषण और दूसरे गंभीर अपराधों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए.

ओनलीफैंस से हजारों लोगों की कमाई

यूक्रेन में ऑनलाइन एडल्ट कंटेंट का कारोबार काफी बड़ा है. ओनलीफैंस जैसे मंचों पर हजारों यूक्रेनी क्रिएटर्स सक्रिय हैं. रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में करीब 8 हजार यूक्रेनियों ने ओनलीफैंस से 13.1 करोड़ डॉलर से ज्यादा की कमाई की थी.

हालांकि, मौजूदा कानून के कारण इस कमाई को आधिकारिक तौर पर दिखाना जोखिम भरा है. कुछ क्रिएटर्स ने अपनी कमाई पर टैक्स देने की कोशिश की, लेकिन उन्हें टैक्स से जुड़े मामलों के साथ पोर्नोग्राफी कानून के तहत जांच का सामना भी करना पड़ा.

युद्ध में भारी खर्च कर रहा यूक्रेन

रूस के साथ फरवरी 2022 से जारी युद्ध ने यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और सरकारी बजट पर भारी दबाव डाला है. विश्व बैंक के अनुसार, 2025 में यूक्रेन ने अपनी जीडीपी का करीब 42.9 प्रतिशत सुरक्षा और रक्षा पर खर्च किया था.

अगस्त 2026 में यूक्रेन के रक्षा मंत्री ने बताया था कि देश के सैन्य बजट में करीब 27 अरब डॉलर की कमी है. ऐसे में एडल्ट कंटेंट पर टैक्स से मिलने वाली करीब 236 करोड़ रुपये की रकम कुल युद्ध खर्च के मुकाबले छोटी जरूर है, लेकिन सरकार के लिए अतिरिक्त आमदनी का एक जरिया बन सकती है.

प्रस्ताव में बच्चों से जुड़ी पोर्नोग्राफी को अपराध बनाए रखने की बात कही गई है. ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई और सख्त सजा का प्रावधान जारी रहेगा.

ये भी पढ़ें- बगावत हो जाएगी... सिंध के बंटवारे को लेकर पाकिस्तान में तनाव, PPP ने असीम मुनीर के खिलाफ खोला मोर्चा