कोलंबिया के राष्ट्रपति पर ट्रंप ने लगाया बड़ा आरोप, ड्रग तस्करी बढ़ावा देने पर अमेरिकी सब्सिडी बंद करने की चेतावनी

Trump Warns Colombia: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैरिबियन सागर में ड्रग तस्करी के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की जानकारी देते हुए अब कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो पर कड़ी आलोचना की है.

Trump accuses Colombian President of promoting drug trafficking threatens to cut off US subsidies
Image Source: ANI/ File

Trump Warns Colombia: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैरिबियन सागर में ड्रग तस्करी के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की जानकारी देते हुए अब कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो पर कड़ी आलोचना की है. ट्रंप ने दावा किया है कि पेट्रो न केवल ड्रग उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि अमेरिका से मिलने वाली सब्सिडी का सही उपयोग नहीं कर रहे हैं. इसके चलते उन्होंने स्पष्ट किया कि अब कोलंबिया को अमेरिका की तरफ से कोई सब्सिडी नहीं दी जाएगी.

हाल ही में अमेरिकी सेना ने कैरिबियन सागर में एक ड्रग ले जाने वाले जहाज को समुद्र में डुबो दिया था. इस कार्रवाई में दो आतंकियों की मौत हुई और दो को पकड़कर उनके मूल देश इक्वाडोर और कोलंबिया वापस भेजा गया. ट्रंप ने इस ऑपरेशन को ‘सम्मान की बात’ बताया और कहा कि जहाज पर फेंटानिल सहित अन्य गैरकानूनी ड्रग्स भरे थे, जिसकी पुष्टि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने की थी.

"ड्रग्स का सबसे बड़ा कारोबार"

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘सोशल ट्रूथ’ पर पोस्ट करते हुए कहा, "कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो अवैध नशीली दवाओं के प्रमुख समर्थक हैं. वे देश में बड़े और छोटे पैमाने पर ड्रग उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं, जो अब कोलंबिया में सबसे बड़ा कारोबार बन चुका है." उन्होंने आगे कहा कि पेट्रो इस समस्या को रोकने के लिए कुछ भी गंभीर नहीं कर रहे, जबकि अमेरिका उन्हें भारी मात्रा में वित्तीय सहायता देता रहा है.

चेतावनी और कड़ी भाषा

ट्रंप ने पेट्रो को चेतावनी देते हुए कहा, "पेट्रो मौत का खेल खेल रहे हैं और यदि उन्होंने इसे रोकने का प्रयास नहीं किया तो अमेरिका उनके लिए अपने दरवाजे बंद कर देगा. वह एक कमजोर नेता हैं और अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकते."

अमेरिकी दृष्टिकोण से ड्रग तस्करी को बड़ा खतरा

यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका लैटिन अमेरिकी देशों में ड्रग तस्करी के खिलाफ कड़ा रुख अपना रहा है. ट्रंप प्रशासन ने इस क्षेत्र में ड्रग्स की रोकथाम के लिए कई सैन्य अभियान भी चलाए हैं. ट्रंप का यह कड़ा रुख और कोलंबिया पर आरोप, दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव को और बढ़ा सकते हैं.

आगे की स्थिति पर सबकी नजर

अब देखना होगा कि कोलंबिया इस आरोप का क्या जवाब देता है और अमेरिका की इस नई नीति का क्षेत्रीय सुरक्षा और राजनैतिक माहौल पर क्या असर पड़ता है. ड्रग तस्करी पर कार्रवाई की यह लड़ाई, अमेरिकी विदेश नीति में भी एक महत्वपूर्ण विषय बनी हुई है.

यह भी पढ़ें- घुसपैठियों का फर्जी पासपोर्ट कनेक्शन, 400 बांग्लादेशियों को बना डाला 'भारतीय', ED ने किया रैकेट का भंडाफोड़