भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में फ्लेक्स फ्यूल टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने की दिशा में टोयोटा ने बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने अपनी नई इनोवा हायक्रॉस फ्लेक्स फ्यूल हाइब्रिड को पेश किया है. यह देश की पहली ऐसी कार बताई जा रही है, जिसमें फ्लेक्स फ्यूल इंजन के साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सेटअप दिया गया है. खास बात यह है कि इसे E20 से लेकर E85 तक के पेट्रोल ब्लेंड पर चलाया जा सकता है.
टोयोटा ने इस पावरट्रेन को अपनी फ्लेक्स हाइब्रिड इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी के तहत पेश किया है. भारतीय बाजार में मारुति सुजुकी वैगनआर का फ्लेक्स फ्यूल वर्जन भी मौजूद है, लेकिन उसमें हाइब्रिड सेटअप नहीं मिलता. नई इनोवा हायक्रॉस में पावरट्रेन के अलावा एक्सटीरियर और इंटीरियर में भी कई बदलाव किए गए हैं. आइए जानते हैं इसकी कीमत, इंजन और खास फीचर्स.
कितनी है Toyota Innova Hycross Flex Fuel की कीमत?
नई टोयोटा इनोवा हायक्रॉस फेसलिफ्ट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.59 लाख रुपये बताई गई है. वहीं, इसके फ्लेक्स फ्यूल हाइब्रिड वर्जन की कीमत 19.99 लाख रुपये से शुरू होती है.
इसके अलग-अलग वेरिएंट की कीमत इस प्रकार है:
GX वेरिएंट: 23.99 लाख रुपये
VX वेरिएंट: 28.79 लाख रुपये
ZX वेरिएंट: 31.99 लाख रुपये
एक्सटीरियर में क्या हुए बदलाव?
नई इनोवा हायक्रॉस के फ्रंट लुक को पहले से ज्यादा चौड़ा और आकर्षक बनाया गया है. इसमें सिल्वर फिनिश वाली बड़ी फ्रंट ग्रिल दी गई है. टोयोटा लोगो के साथ प्रोजेक्टर LED हेडलैंप और इंटीग्रेटेड डे-टाइम रनिंग लाइट्स (DRLs मिलती हैं.
इसके अलावा कार में मल्टी-स्पोक अलॉय व्हील, क्रोम डोर हैंडल और खिड़कियों के आसपास क्रोम फिनिश दी गई है. डार्क व्हील आर्च क्लैडिंग इसकी SUV जैसी अपील को बढ़ाती है. पीछे की तरफ रूफ माउंटेड स्पॉयलर और शार्क फिन एंटीना भी मिलता है. कंपनी इस कार को पांच रंगों में पेश कर रही है. इनमें सुपर व्हाइट, प्लैटिनम व्हाइट पर्ल, सिल्वर मेटैलिक, एटीट्यूड ब्लैक माइका और ब्लैकिश अगेहा ग्लास फ्लेक शामिल हैं.
E20 से E85 तक पेट्रोल पर चलेगी कार
नई इनोवा हायक्रॉस फ्लेक्स फ्यूल की सबसे बड़ी खासियत इसका पावरट्रेन है. इसे E20 से E85 तक के अलग-अलग ब्लेंड वाले पेट्रोल पर चलाया जा सकता है. इसमें 2.0 लीटर का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन सेटअप दिया गया है, जो 186 hp की पावर जनरेट करता है. ड्राइविंग के लिए इसमें नॉर्मल, इको और पावर जैसे तीन मोड मिलते हैं. फ्लेक्स फ्यूल टेक्नोलॉजी के चलते कार में पेट्रोल और एथेनॉल के अलग-अलग मिश्रण का इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, वास्तविक माइलेज और परफॉर्मेंस इस्तेमाल किए जा रहे फ्यूल ब्लेंड और ड्राइविंग कंडीशन पर निर्भर कर सकते हैं.
इंटीरियर में मिलती हैं बड़ी स्क्रीन और ऑटमैन सीटें
नई इनोवा हायक्रॉस के केबिन में भी कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं. इसमें 12.3 इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और इसी साइज का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है. पैसेंजर कम्फर्ट के लिए दूसरी रो में ऑटमैन सीटें दी गई हैं, जबकि आगे की सीटें वेंटिलेटेड हैं.
इसके अलावा कार में डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ और 9-स्पीकर वाला ऑडियो सिस्टम मिलता है. सुरक्षा के लिहाज से इसमें टोयोटा सेफ्टी सेंस पैकेज दिया गया है. इसके तहत प्री-कोलिजन सिस्टम, डायनामिक रडार क्रूज कंट्रोल और लेन ट्रेस असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं. कार में छह एयरबैग भी दिए गए हैं.
कुल मिलाकर, नई टोयोटा इनोवा हायक्रॉस फ्लेक्स फ्यूल हाइब्रिड में कंपनी ने वैकल्पिक फ्यूल टेक्नोलॉजी के साथ प्रीमियम फीचर्स और हाइब्रिड पावरट्रेन का मेल पेश किया है. इसकी कीमत और फीचर्स इसे भारतीय बाजार में एक दिलचस्प विकल्प बनाते हैं.
यह भी पढ़ें: WhatsApp Web यूजर्स सावधान! गृह मंत्रालय की चेतावनी, एक गलती से आपका अकाउंट हो सकता है हैक