टीएमसी की राजनीति डर और भय पर आधारित... पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर में बोले पीएम मोदी, जानें क्या कहा

PM Modi In East Medinipur: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है. इस क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य में तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं.

TMC politics is based on fear and intimidation PM Modi spoke in East Medinipur West Bengal know what he said
Image Source: Social Media

PM Modi In East Medinipur: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है. इस क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य में तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर जोरदार हमला किया. 

उन्होंने कहा कि यह चुनाव सामान्य नहीं है, बल्कि बंगाल के गौरव को पुनः स्थापित करने का चुनाव है. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि इस बार बंगाल की जनता ममता सरकार को हटाने का मन बना चुकी है.

विकसित बंगाल की नींव रखेगा यह चुनाव

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि यह चुनाव पश्चिम बंगाल के विकास की मजबूत नींव रखने का चुनाव है और इसका पहला और सबसे अहम कदम राज्य की वर्तमान सरकार को सत्ता से बाहर करना होगा. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर राज्य के विकास में रुकावट डालने का आरोप लगाया.

पीएम मोदी ने भारत की आर्थिक प्रगति का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है. उन्होंने बताया कि जहां देश के कई राज्य विकास की राह पर आगे बढ़ रहे हैं, वहीं टीएमसी सरकार बंगाल को पीछे धकेल रही है. प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से बदलाव की अपील करते हुए कहा कि राज्य को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए निर्णायक कदम उठाने की आवश्यकता है.

ममता सरकार के खिलाफ पीएम मोदी का हमला

पीएम मोदी ने ममता सरकार को कई मुद्दों पर घेरा, विशेष रूप से मछली पालन और सी-फूड क्षेत्र को लेकर. उन्होंने कहा कि बंगाल में मछली पालन और सी-फूड के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन राज्य आज भी मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर नहीं बन पाया है. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि बंगाल को अपनी जरूरतों के लिए दूसरे राज्यों से मछली आयात करनी पड़ रही है, जबकि ममता सरकार के पास इस क्षेत्र में सुधार लाने का कोई ठोस कदम नहीं है. उन्होंने कहा कि 15 साल सत्ता में रहने के बाद भी टीएमसी सरकार मछली जैसी बुनियादी चीजों को भी उपलब्ध नहीं करा पाई, जो उनकी नीतियों की विफलता को दर्शाता है.

राष्ट्रीय स्तर पर मछली उत्पादन में हुई वृद्धि पर पीएम मोदी का जोर

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत का कुल मछली उत्पादन और समुद्री निर्यात दोगुना हो चुका है, लेकिन बंगाल में टीएमसी सरकार के कारण यह प्रगति नहीं हो पाई.

युवाओं के मुद्दे पर पीएम मोदी का तंज

युवाओं के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी सरकार ने राज्य के युवाओं के साथ दोहरा विश्वासघात किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर सीमित हैं और जहां नौकरियां हैं, वहां भी बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है. पीएम मोदी ने कहा कि सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार है और इनका फायदा टीएमसी के मंत्रियों द्वारा उठाया जा रहा है.

औद्योगिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब हल्दिया जैसे इलाके में लोग देशभर से काम करने आते थे, लेकिन अब वहां के युवा रोजगार की तलाश में अंडमान, ओडिशा और अन्य राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं.

राज्य में घुसपैठियों और अवैध गतिविधियों पर पीएम मोदी का आरोप

प्रधानमंत्री मोदी ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में घुसपैठियों की फैक्ट्री चल रही है, फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे हैं और पशु तस्करी को बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि टीएमसी की राजनीति डर और भय पर आधारित है.

पीएम मोदी की रैली का राजनीतिक महत्व

प्रधानमंत्री मोदी की यह रैली इस चुनावी अभियान में बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. हल्दिया को नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है, और भाजपा यहां अपनी पकड़ मजबूत बनाना चाहती है. इसके अलावा, औद्योगिक क्षेत्र आसनसोल में पार्टी अपनी स्थिति को फिर से मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

बीरभूम जिले के सूरी में आयोजित रैली भी खास महत्व रखती है, क्योंकि यह इलाका टीएमसी का मजबूत गढ़ माना जाता है. भाजपा संगठनात्मक नेटवर्क और सत्ता विरोधी माहौल का फायदा उठाकर यहां अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है.

चुनाव की तारीखें और मतगणना

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा. वहीं, मतगणना 4 मई को की जाएगी. इस चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंकी है और प्रधानमंत्री मोदी खुद राज्य में कई रैलियों के माध्यम से ममता सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- जोस बटलर का IPL में धमाका, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बनाया रिकॉर्ड, हासिल किया ये बड़ी उपलब्धि