Sleeping Tips: अच्छी नींद के लिए सिर्फ आरामदायक बिस्तर ही जरूरी नहीं है, बल्कि बेडरूम का माहौल और आसपास रखी चीजें भी काफी मायने रखती हैं. कई बार हम सुविधा के लिए कुछ सामान अपने सिरहाने या बेड के पास रख देते हैं, लेकिन यही आदत नींद में खलल डालने के साथ सेहत और सुरक्षा के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है. ऐसे में सोने से पहले बेड के आसपास रखी कुछ चीजों को हटा देना बेहतर होता है.
मोबाइल और लैपटॉप को सिरहाने रखने से बचें
आजकल ज्यादातर लोग मोबाइल फोन या लैपटॉप को अपने बिस्तर के पास रखकर सोते हैं. कई लोग तो रातभर इन्हें चार्जिंग पर भी लगा छोड़ देते हैं. ऐसा करने से बचना चाहिए, क्योंकि खराब बैटरी या चार्जिंग उपकरण में तकनीकी खराबी होने पर गर्म होने और आग लगने का खतरा हो सकता है. इसके अलावा फोन पर आने वाले नोटिफिकेशन और कॉल की आवाज भी आपकी नींद बार-बार तोड़ सकती है.
बेड के पास न छोड़ें खाने-पीने की चीजें
कुछ लोगों को रात में स्नैक्स खाने की आदत होती है. हालांकि, खाने के बाद बचे हुए चिप्स, बिस्कुट या अन्य खाद्य पदार्थों को बेड के आसपास छोड़ना ठीक नहीं है. इससे चींटियां, कॉकरोच और दूसरे कीड़े-मकोड़े आकर्षित हो सकते हैं. साथ ही खाने के टुकड़े और गंदगी बेडरूम की साफ-सफाई को भी प्रभावित करते हैं. इसलिए खाने के बाद बचा हुआ सामान तुरंत हटा दें.
गंदे कपड़ों को बेड के आसपास न रखें
बेड के पास रखी कुर्सी या खाली जगह को गंदे कपड़े रखने की जगह बना लेना भी अच्छी आदत नहीं है. इस्तेमाल किए हुए कपड़ों से पसीने और नमी के कारण बदबू आ सकती है. लंबे समय तक कपड़ों को इकट्ठा करके रखने से उनमें सूक्ष्मजीवों के पनपने की आशंका भी बढ़ सकती है. बेहतर होगा कि गंदे कपड़ों को अलग लॉन्ड्री बास्केट में रखें और बेडरूम को साफ-सुथरा बनाए रखें.
सोते समय जलती अगरबत्ती और मोमबत्ती छोड़ना खतरनाक
कमरे को खुशबूदार बनाने के लिए कई लोग सोने से पहले अगरबत्ती या सुगंधित मोमबत्ती जलाते हैं. लेकिन इन्हें जलता हुआ छोड़कर सोना जोखिम भरा हो सकता है. हवा या किसी दूसरी वजह से आग फैलने का खतरा रहता है. वहीं, लंबे समय तक धुआं और तेज खुशबू कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी या असहजता दे सकती है. इसलिए सोने से पहले इन्हें पूरी तरह बुझा देना चाहिए और कमरे में हवा आने-जाने की व्यवस्था रखनी चाहिए.
अलार्म घड़ी और नुकीली चीजों को रखें दूर
बेडसाइड टेबल पर रखी अलार्म घड़ी की लगातार टिक-टिक कुछ लोगों की नींद में खलल डाल सकती है. ऐसे में घड़ी को बिस्तर से थोड़ी दूरी पर रखना बेहतर है, ताकि अलार्म सुनाई दे लेकिन उसकी आवाज सोते समय परेशान न करे. इसके अलावा साइड टेबल पर कांच की चीजें, चाकू या अन्य नुकीली वस्तुएं रखने से बचें. रात में अंधेरे में हाथ लगने या गिरने से चोट लग सकती है.
ये भी पढ़ें- सर्दियों में बीमारियों से बचना है तो आज से बदलें डाइट, गुड़-बाजरे समेत खाएं ये 6 चीजें