14 अगस्त फिल्म देखने वालों के लिए काफी खास होने वाला है. इस दिन सिनेमाघरों में एक साथ कई बड़ी फिल्में दस्तक देने वाली हैं. सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ से लेकर इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ और सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ तक कई फिल्मों को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है. वहीं, एक फिल्म ओटीटी पर भी रिलीज होगी. आइए जानते हैं 14 अगस्त को कौन-कौन सी फिल्में और कहां रिलीज होने वाली हैं.
‘बंटवारा 1947’
सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ को लेकर काफी चर्चा है. फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है. इसमें सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, करण देओल और शबाना आजमी जैसे कलाकार नजर आएंगे.
फिल्म का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है. सनी देओल एक बार फिर दमदार एक्शन करते दिखाई देंगे. फिल्म को आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं. इसे लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है और बॉक्स ऑफिस पर भी इससे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है. फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
‘आवारापन 2’
इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ भी 14 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी. फिल्म में इमरान हाशमी एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जो प्यार और बदले के बीच उलझा हुआ है. फिल्म में उनका जुनूनी अंदाज देखने को मिलेगा.
इस रोमांटिक ड्रामा में दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिका में हैं. इमरान फिल्म में शिवम पंडित का किरदार निभा रहे हैं. फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है. इसका ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है.
‘आवारापन 2’ की सीधी टक्कर सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ से होगी. ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला देखने को मिल सकता है.
‘विश्वनाथ एंड सन्स’
साउथ स्टार सूर्या की फिल्म ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ भी 14 अगस्त को रिलीज होगी. यह एक पारिवारिक कहानी पर बनी फिल्म है, जिसमें रोमांस का तड़का भी देखने को मिलेगा.
फिल्म में सूर्या के अलावा ममिथा बैजू, रवीना टंडन और राधिका सरथकुमार जैसे कलाकार नजर आएंगे. इसका निर्देशन वेंकी अटलुरी ने किया है. फिल्म तमिल और तेलुगू भाषा में रिलीज होगी. सूर्या की बड़ी फैन फॉलोइंग को देखते हुए फिल्म से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.
‘Makutam’
‘Makutam’ एक एक्शन ड्रामा फिल्म है. इसका निर्देशन विशाल कृष्णा ने किया है. फिल्म में विशाल के साथ अंजलि और दुशारा विजयन मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी.
फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है. ‘Makutam’ को 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
‘भारत भाग्य विधाता’
कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब ओटीटी पर दस्तक देने वाली है. फिल्म 14 अगस्त को जी5 पर रिलीज होगी.
फिल्म का निर्देशन मनोज तपाड़िया ने किया है. कंगना के अलावा इसमें गिरिजा ओक, स्मिता तांबे और शुहिता थत्ते भी नजर आएंगी. फिल्म में कंगना ने एक नर्स का किरदार निभाया है.
फिल्म को समीक्षकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने करीब 6.69 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था.
ये भी पढ़ें- Delhi Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश का खतरा, रेड अलर्ट जारी, घर से निकलने से पहले जानें अपडेट