Mahavatar Parshuram Teaser: ‘KGF’ और ‘कांतारा’ जैसी हिट फिल्में बनाने वाले होम्बले फिल्म्स ने एक बार फिर नया बड़ा ऐलान किया है. परशुराम जयंती के मौके पर उन्होंने अपनी अगली एनिमेटेड फिल्म ‘महावतार परशुराम’ का पहला पोस्टर और टीजर जारी किया, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित हैं.
‘महावतार परशुराम’ का पहला लुक जारी
यह फिल्म ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ का हिस्सा है, जिसमें भारतीय पौराणिक कहानियों को नए और आधुनिक अंदाज में दिखाया जा रहा है. इससे पहले ‘महावतार नरसिंह’ को लेकर जो उत्साह देखा गया था, वही अब इस नई फिल्म को लेकर भी नजर आ रहा है. डायरेक्टर अश्विन कुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के पोस्टर ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है.
पोस्टर में एक शक्तिशाली योद्धा युद्ध के मैदान में खड़ा नजर आता है. उसके हाथ में खून से सना हुआ कुल्हाड़ा (परशु) है, जो उसके गुस्से और न्याय का प्रतीक दिखाया गया है. पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा कि जब धर्म कमजोर पड़ता है, तब परशुराम जैसे योद्धा का उदय होता है. यह फिल्म दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
A STORM RISES AGAINST ADHARMA 🪓🔥
— Hombale Films (@hombalefilms) April 19, 2026
Presenting the #MahavatarParshuraam Title Reveal Motion Poster
▶️ https://t.co/Oq67fvQeS6
Coming to cinemas December 2027.@hombalefilms @VKiragandur @AshwinKleem @kleemproduction @shilpaadhawan @SamCSmusic @MahavatarTales pic.twitter.com/sWHLajbunz
12 साल का बड़ा प्लान
होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शंस मिलकर एक बड़ी योजना पर काम कर रहे हैं. उनका लक्ष्य भारतीय एनीमेशन को नए स्तर पर ले जाना है. इस यूनिवर्स के तहत भगवान विष्णु के अवतारों पर कई फिल्में बनाई जाएंगी.
इन फिल्मों को अगले 12 सालों में एक-एक करके रिलीज किया जाएगा और सभी फिल्में 3D में आएंगी. इस सीरीज की शुरुआत 2025 में ‘महावतार नरसिंह’ से हुई थी, जिसने लोगों का ध्यान एनीमेशन की तरफ खींचा.
‘महावतार नरसिंह’ की बड़ी सफलता
इस यूनिवर्स की पहली फिल्म ‘महावतार नरसिंह’ ने शानदार प्रदर्शन किया था. यह दुनिया भर में 300 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाने वाली पहली भारतीय एनिमेटेड फिल्म बनी.
थिएटर के बाद जब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर आई, तो वहां भी काफी समय तक टॉप पर ट्रेंड करती रही. इसके अलावा, इसे ऑस्कर के 98वें संस्करण में ‘बेस्ट पिक्चर’ कैटेगरी के लिए दावेदार फिल्मों की लिस्ट में भी जगह मिली.
आगे आने वाली फिल्में
‘महावतार परशुराम’ के बाद भी यह सिलसिला जारी रहेगा. मेकर्स ने आने वाली फिल्मों का प्लान भी साफ कर दिया है. 2029 में ‘महावतार रघुनंदन’ रिलीज होगी. इसके बाद 2031 में ‘महावतार धौकाधेश’ और 2033 में ‘महावतार गोकुलानंद’ आएगी. इस पूरी कहानी का अंत दो हिस्सों में होगा, 2035 में ‘महावतार कल्कि भाग 1’ और 2037 में ‘महावतार कल्कि भाग 2’ रिलीज की जाएगी.
ये भी पढ़ें- ईरानी गोलीबारी नहीं रोक पाई भारतीय जहाज का रास्ता, होर्मुज से तेल लेकर निकला 10वां टैंकर 'देश गरिमा'