ICC Fine Team India: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच के बाद टीम इंडिया को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने स्लो ओवर रेट का दोषी पाया है. इसी कारण भारतीय टीम पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. यह फैसला उस समय सामने आया जब भारत-साउथ अफ्रीका टी20 सीरीज शुरू होने में सिर्फ एक दिन बचा था.
आईसीसी ने अपने बयान में बताया कि भारत को ICC Code of Conduct के आर्टिकल 2.22 के तहत दोषी पाया गया, जो न्यूनतम ओवर-रेट बनाए रखने से जुड़े उल्लंघनों पर लागू होता है. इस नियम के तहत हर ओवर की देरी पर खिलाड़ियों की मैच फीस में कटौती निर्धारित है.
India fined for breach of ICC Code of Conduct against South Africa 👀https://t.co/CZO3nv5rcR
— ICC (@ICC) December 8, 2025
मैच रेफरी ने लगाया जुर्माना, राहुल ने स्वीकार की गलती
रायपुर वनडे में भारतीय टीम निर्धारित समय में अपना कोटा पूरा नहीं कर पाई. टाइम अलाउंस जोड़ने के बाद भी टीम दो ओवर पीछे रह गई थी. इस आधार पर मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने भारतीय खिलाड़ियों पर आर्थिक दंड लगाया.
आमतौर पर स्लो ओवर रेट के लिए प्रत्येक ओवर पर 5 प्रतिशत मैच फीस कटती है और इस बार 10 प्रतिशत का जुर्माना तय किया गया. स्टैंड-इन कप्तान केएल राहुल ने इस आरोप को स्वीकार कर लिया, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. आईसीसी ने भी अपने बयान में इसकी पुष्टि की.
रायपुर वनडे में मिली थी हार, बावजूद इसके बल्लेबाज चमके
हालांकि सीरीज भारत ने 2-1 से जीत ली, लेकिन रायपुर का दूसरा वनडे भारत के लिए नतीजों के लिहाज से अच्छा नहीं रहा. इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. विराट कोहली ने 102 रन की पारी खेलकर शतक लगाया, वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने 105 रन बनाकर वनडे करियर का अहम शतक जड़ा. इन पारी की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 358 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया.
लेकिन रायपुर की शाम में ओस एक महत्वपूर्ण कारक रही, जिससे दूसरी पारी में बल्लेबाजी आसान हो गई. दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्क्रम ने 110 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को मजबूत आधार दिया और मेहमान टीम ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल किया. इस जीत से दक्षिण अफ्रीका ने सीरीज 1-1 से बराबर की थी, लेकिन निर्णायक तीसरे वनडे में भारत ने 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा किया.
अब फोकस टी20 सीरीज पर, पहला मुकाबला कटक में
वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अब भारत और दक्षिण अफ्रीका टी20 क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करेंगे. दोनों टीमों के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने जा रही है. सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर, मंगलवार को कटक के बाराबती स्टेडियम में खेला जाएगा.
मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा. मुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी. टी20 सीरीज दोनों टीमों के लिए नई शुरुआत होगी और भारतीय टीम स्लो ओवर रेट जैसी गलतियों से बचकर बेहतर प्रदर्शन करना चाहेगी.
यह भी पढ़ें- ICC के साथ डील तोड़ेगी JioStar, घाटे के बाद मीडिया राइट्स से बाहर, नए ब्रॉडकास्टर की तलाश शुरू